पटना में BPSC और दरोगा भर्ती परीक्षा को लेकर बवाल, तोड़ी बैरिकेडिंग

patna
आलोक सिंह
आलोक सिंह

बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया। सड़क पर उतरे छात्र बीपीएससी (BPSC) संयुक्त परीक्षा और दरोगा भर्ती की मुख्य परीक्षा को रद्द कर इसे दोबारा आयोजित कराने की मांग कर रहे थे। दरोगा भर्ती की यह परीक्षा 1799 पदों के लिए आयोजित की गई थी, जिसे लेकर अभ्यर्थियों में भारी आक्रोश है।

जेपी गोलंबर से शुरू हुआ हंगामा, तोड़ी बैरिकेडिंग

प्रदर्शनकारी छात्र सबसे पहले जेपी गोलंबर के पास इकट्ठा हुए और वहां से अपना विरोध मार्च शुरू किया। भीड़ को नियंत्रित करने और उन्हें आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने रास्ते में बैरिकेडिंग लगाई थी, लेकिन उग्र छात्रों का हुजूम उसे तोड़कर आगे निकल गया। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को डाकबंगला चौराहे पर रोकने का प्रयास किया, लेकिन छात्र वहां भी नहीं रुके और अशोक सिनेमा स्थित फ्लाईओवर की ओर बढ़ गए।

निष्पक्ष जांच और पारदर्शिता की मांग

सड़कों पर उतरे इन छात्रों ने परीक्षा प्रणाली को लेकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग रखी है। उनका कहना है कि पूरी चयन प्रक्रिया में तत्काल सुधार किया जाना चाहिए और सिस्टम में पारदर्शिता लाई जानी चाहिए।

चप्पे-चप्पे पर भारी सुरक्षा बल तैनात

छात्रों के इस उग्र प्रदर्शन को देखते हुए पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रदर्शन स्थल और छात्रों के मार्च वाले रूट पर भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किया गया है। मौके पर मौजूद प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार स्थिति को संभालने की कोशिश कर रहे हैं और हर गतिविधि पर करीबी नजर बनाए हुए हैं।