‘सिर फोड़ने’ के दावे पर घमासान, स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ थाने पहुंची CJP

दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन के दौरान हुई हिंसा और मारपीट का मामला अब लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। एक वायरल पॉडकास्ट में छात्रा निशु के पिता पर जानलेवा हमले का बेखौफ दावा करने वाले स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ CJP नेताओं ने सख्त रुख अपना लिया है। भारद्वाज के विवादित दावों पर कड़ा ऐतराज जताते हुए CJP के कई नेता बुधवार को दिल्ली के संसद मार्ग थाने पहुंच गए हैं और पुलिस से मामले में तत्काल और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
राहुल गांधी ने निशु के समर्थन में दिखाई एकजुटता
इस विवाद ने अब बड़ा राजनीतिक रूप ले लिया है। गाजियाबाद की रहने वाली इन्फ्लुएंसर निशु और उनके पिता के साथ हुई इस कथित बर्बरता के मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी दखल दिया है। राहुल गांधी ने खुले तौर पर निशु के समर्थन में अपनी एकजुटता जाहिर की है। विपक्ष के सबसे बड़े नेता का समर्थन मिलने के बाद CJP के इस आंदोलन और मारपीट के मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक बल मिल गया है।
वायरल पॉडकास्ट के दावों से शुरू हुआ था बवाल
यह पूरा नया विवाद एक पॉडकास्ट के वायरल होने के बाद खड़ा हुआ है। इस वीडियो में स्वतंत्र भारद्वाज नाम के युवक ने खुलेआम यह शेखी बघारी थी कि उसने जंतर-मंतर पर सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान निशु के पिता की जमकर पिटाई की थी। उसने यहां तक दावा किया था कि इस हमले में पीड़ित का सिर फट गया था और उन्हें 60 टांके आए थे, लेकिन किसी राजनीतिक रसूख के चलते उसे पुलिस ने गिरफ्तार नहीं किया।
हालांकि, बवाल बढ़ने के बाद स्वतंत्र भारद्वाज ने अपने बयान से पलटते हुए इसे ‘सेल्फ डिफेंस’ करार दिया था। लेकिन अब CJP नेताओं द्वारा संसद मार्ग थाने में सीधा मोर्चा खोलने के बाद दिल्ली पुलिस पर इस पूरे घटनाक्रम और स्वतंत्र भारद्वाज के दावों की गहन जांच करने का भारी दबाव बन गया है।
