UP Weather: यूपी के 16 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, सीतापुर में स्कूल बंद

weather-update-1753148798
अजमल शाह
अजमल शाह

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। उत्तर पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बने निम्न दबाव (Low Pressure) के क्षेत्र के कारण यूपी के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज प्रयागराज, सोनभद्र और कानपुर समेत 16 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बारिश के चलते सीतापुर में आठवीं कक्षा तक के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।

सीतापुर में देर रात से भारी बारिश, स्कूलों में छुट्टी

राजधानी लखनऊ, सीतापुर और आसपास के इलाकों में बीती रात से ही घने बादल छाए हुए हैं। सीतापुर में रात करीब एक बजे से लगातार तेज बारिश हो रही है। हालात को देखते हुए जिलाधिकारी ने जिले में कक्षा आठ तक के सभी स्कूलों को बंद रखने का निर्देश दिया है। प्रशासन ने सभी स्कूलों को इस आदेश का सख्ती से पालन करने को कहा है। प्रयागराज, वाराणसी और अयोध्या जैसे शहरों में भी सुबह से ही काले बादल छाए हुए हैं और दिनभर बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।

16 जिलों में तेज हवाओं और बिजली के साथ भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, निम्न दबाव के चलते प्रदेश के बुंदेलखंड, विंध्य और मध्य हिस्सों में बादलों की लगातार आवाजाही बनी हुई है। आज प्रयागराज, मीरजापुर, सोनभद्र, प्रतापगढ़, कौशांबी, चित्रकूट, बांदा, फतेहपुर, रायबरेली, उन्नाव, कानपुर, हमीरपुर, जालौन, महोबा, झांसी और ललितपुर में अनेक जगहों पर तेज हवाओं और आकाशीय बिजली के साथ भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है।

पूर्वांचल और अवध के इन जिलों में भी बरसेगा पानी

पूर्वी यूपी और अवध के कई अन्य जिलों में भी आज अच्छी बारिश का अनुमान है। रायबरेली, अमेठी, अयोध्या, सुल्तानपुर, बस्ती, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर, संत रविदास नगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, देवरिया और अंबेडकर नगर में अनेक स्थानों पर बारिश हो सकती है।

इसके अलावा लखनऊ, आगरा, उन्नाव, सीतापुर, बाराबंकी, हरदोई, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, कन्नौज, कानपुर, जालौन, इटावा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया और गोंडा में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

पश्चिमी यूपी में उमस भरी गर्मी से परेशानी

प्रदेश के बड़े हिस्से में जहां झमाझम बारिश हो रही है, वहीं पश्चिमी यूपी के ज्यादातर जिलों में इसका असर कम नजर आ रहा है। पश्चिमी यूपी में अलग-अलग जगहों पर केवल हल्की से मध्यम बारिश हो रही है, जिसके चलते लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हैं। नोएडा और गाजियाबाद में आज सुबह से आंशिक तौर पर बादल छाए हुए हैं। प्रदेश के बाकी हिस्सों में भी स्थानीय स्तर पर छिटपुट बारिश होने का अनुमान जताया गया है।