चहल ने क्यों छोड़ा रेड-बॉल क्रिकेट? लॉर्ड्स में खेला आखिरी मैच

भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल (Yuzvendra Chahal) ने फर्स्ट क्लास (रेड बॉल) क्रिकेट से संन्यास (Retirement) का ऐलान कर दिया है। लंबे समय तक अपनी फिरकी से बल्लेबाजों को नचाने वाले चहल ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर कर फैंस को यह जानकारी दी। इसके साथ ही यह साफ हो गया है कि चहल अब कभी सफेद जर्सी में रेड बॉल क्रिकेट खेलते नजर नहीं आएंगे।
लॉर्ड्स में खेला अपना आखिरी फर्स्ट-क्लास मैच
36 वर्षीय युजवेंद्र चहल ने अपना आखिरी रेड-बॉल मुकाबला इंग्लैंड में काउंटी टीम नॉर्थम्पटनशायर (Northamptonshire) के लिए ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर खेला। इसके साथ ही उन्होंने इस फॉर्मेट को अलविदा कह दिया।
चहल ने भारत के लिए लिमिटेड ओवर्स (वनडे और टी20) में अहम योगदान दिया है, लेकिन उन्हें कभी भी टीम इंडिया के लिए टेस्ट मैच (रेड बॉल) खेलने का मौका नहीं मिला। हालांकि, घरेलू क्रिकेट में वह लंबे समय तक हरियाणा का प्रतिनिधित्व करते रहे। चहल ने स्पष्ट किया है कि वह व्हाइट-बॉल क्रिकेट (वनडे और टी20) खेलना जारी रखेंगे।
‘टेस्ट कैप का सपना था, जो पूरा न हो सका’
चहल ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में 10 साल की उम्र में शुरू हुए अपने क्रिकेट सफर को याद किया। उन्होंने लिखा: “मैंने जो पहली क्रिकेट बॉल पकड़ी थी, वह रेड बॉल थी। 10 साल की उम्र में मुझे अंदाजा नहीं था कि मुझे इस खेल से इतना प्यार हो जाएगा। मेरे लिए रेड-बॉल क्रिकेट कभी भी सिर्फ एक फॉर्मेट नहीं था। यहीं मैंने सब्र, कैरेक्टर, मजबूती और हर रन व विकेट के लिए लड़ने का असली मतलब सीखा।”
उन्होंने आगे लिखा, “मैंने अपना आखिरी फर्स्ट-क्लास मैच लॉर्ड्स में खेला। ये शब्द कहना इमोशनल है क्योंकि टेस्ट कैप पहनना हमेशा से मेरा एक सपना था, जिसे मैंने कई सालों तक संजोकर रखा। हो सकता है यह सपना पूरा न हुआ हो, लेकिन मैं अपने सफर से खुश हूं और मिले हर मौके के लिए शुक्रगुजार हूं।”
सफेद गेंद क्रिकेट में वापसी की भूख बरकरार
चहल ने अपने फैंस को आश्वस्त किया कि वह अभी क्रिकेट से दूर नहीं जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “रेड बॉल ने मुझे जिंदगी की सबसे खूबसूरत यादें दी हैं, लेकिन मैं अभी खत्म नहीं हुआ हूं। देश के लिए खेलने की भूख अभी भी जिंदा है। मैं वनडे और T20 फॉर्मेट में एक और मौका पाने के लिए अपना सब कुछ लगा दूंगा।”
चहल ने अपने इस सफर में लगातार सपोर्ट और विश्वास जताने के लिए हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन के रणबीर सिंह महिंद्रा और अनिरुद्ध सिंह चौधरी का भी खास धन्यवाद किया।
युजवेंद्र चहल का क्रिकेट करियर (एक नजर में)
-
फर्स्ट क्लास (First Class): 49 मैचों की 79 पारियों में 148 विकेट
-
वनडे (ODI): 72 मैचों में 121 विकेट
-
टी20 अंतरराष्ट्रीय (T20I): 80 मैचों में 96 विकेट

