Flydubai कांड: ओमानी को-पायलट की ‘जिहादी’ मानसिकता पर बड़ा खुलासा

flydubai
साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रहे ‘फ्लाई दुबई’ (Flydubai) के एक यात्री विमान में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ओमान के रहने वाले एक को-पायलट ने कॉकपिट के अंदर भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार (Captain Smit Machhar) पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया और विमान पर कब्जा करने (Highjack) की कोशिश की। इजरायली अधिकारियों ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया है कि आरोपी को-पायलट जिहादी विचारधारा से प्रेरित था और एक ‘सुसाइड मिशन’ पर था।

‘सुसाइड को तैयार था, यहूदियों से थी नफरत’

‘टाइम्स ऑफ इजरायल’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायली अधिकारियों ने बताया कि जब क्रू मेंबर्स और अन्य लोगों ने हमलावर को-पायलट को काबू में किया, तो वह चीखते हुए खुद को मार डालने की गुहार लगा रहा था।

अधिकारियों ने आरोपी के सोशल मीडिया अकाउंट्स की गहन जांच की है, जिसमें चौंकाने वाली जानकारियां सामने आई हैं। वह इंटरनेट पर यहूदियों के खिलाफ नफरत फैलाने वाले पोस्ट लिखता था और उन्हें जान से मारने की धमकियां देता था। अधिकारी ने बताया, “हमलावर ने यूएई के क्रू मेंबर्स से उसे मार डालने के लिए भी कहा। वह सुसाइड के लिए पूरी तरह तैयार था और जिहादी मानसिकता से बहुत ज्यादा प्रभावित था।”

यात्रियों की बहादुरी और सऊदी अरब में इमरजेंसी लैंडिंग

हमले के तुरंत बाद फ्लाइट में मौजूद यात्रियों और ऑफ-ड्यूटी (Off-Duty) पायलटों ने भारी बहादुरी का परिचय देते हुए हमलावर को-पायलट को दबोच लिया। इसके बाद विमान की सऊदी अरब में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। आरोपी को सऊदी अरब में गिरफ्तार कर लिया गया और बाद में उसे संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के हवाले कर दिया गया।

नेतन्याहू और डोनाल्ड ट्रंप के बड़े दावे

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, “आरोपी को-पायलट आत्महत्या करने और विमान को पूरी तरह तबाह करने के इरादे से आया था। पकड़े जाने के बाद वह बस ‘मुझे मार दो, मुझे मार दो’ चिल्ला रहा था।” उसके निजी सामान से भी कट्टरपंथी विचारधारा के सबूत मिले हैं।

वहीं, इस गंभीर अंतरराष्ट्रीय मामले में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आशंका जताई है कि इस पूरी साजिश और आरोपी के तार ईरान से जुड़े हो सकते हैं।

यूएई की अगुवाई में जांच शुरू, फ्लाई दुबई की उड़ानें निलंबित

इस घटना के बाद इजरायल की परिवहन मंत्री मीरी रेगेव ने सुरक्षा समीक्षा का हवाला देते हुए तत्काल प्रभाव से ‘फ्लाई दुबई’ की सभी उड़ानों को निलंबित कर दिया है।

अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि भारी सुरक्षा जांच के बावजूद आरोपी को-पायलट कॉकपिट तक धारदार हथियार लेकर कैसे पहुंच गया? इस पूरे मामले की मुख्य जांच यूएई का प्रॉसिक्यूटर जनरल कार्यालय कर रहा है, जिसमें सऊदी अरब, इजरायल, अमेरिका और ओमान की खुफिया और सुरक्षा एजेंसियां सहयोग कर रही हैं।