प्यार नहीं, दोस्ती का अंत भी देता है ‘ब्रेकअप’ जैसा दर्द, दिमाग में क्या होता है?

ब्रेकअप का दर्द कैसा होता है, यह हममें से ज्यादातर लोग अच्छी तरह जानते हैं। यह एक ऐसा एहसास है, जब इंसान खुद को अंदर से टूटता हुआ महसूस करता है। लेकिन जब प्यार का रिश्ता नहीं, बल्कि एक जिगरी दोस्त अचानक अजनबी बन जाए, फोन उठाना बंद कर दे या बिना किसी झगड़े के जिंदगी से गायब हो जाए, तब क्या होता है?
अक्सर लोग ऐसे मौकों पर दिलासा देते हैं, ‘अरे छोड़, दोस्त ही तो था, नए बन जाएंगे।’ लेकिन दिल जानता है कि यह दर्द किसी रोमांटिक ‘लव ब्रेकअप’ से कम नहीं होता, बल्कि कई बार उससे भी ज्यादा चुभता है। मेडिकल साइंस और मॉडर्न साइकोलॉजी भी इस बात को मानती है कि ‘फ्रेंडशिप ब्रेकअप’ इंसान को अंदर तक हिला कर रख देता है। आइए समझते हैं कि आखिर एक दोस्त के छूटने पर इतना भारीपन क्यों महसूस होता है और इसके पीछे की साइकोलॉजी क्या है।
दोस्त हमारा ‘सेफ जोन’ (सुरक्षित ठिकाना) होते हैं
प्यार के रिश्ते में कई बार हम खुद को थोड़ा बेहतर, समझदार और संभला हुआ दिखाने की कोशिश करते हैं। लेकिन एक सच्चे दोस्त के सामने हम जैसे होते हैं, वैसे ही रहते हैं। दोस्त के सामने आप अपनी सबसे बेवकूफाना बातें, सबसे गहरे सीक्रेट्स और अपनी नाकामियां बिना किसी झिझक के रख सकते हैं। जब ऐसा साथी अचानक छूट जाता है, तो दिमाग को लगता है कि उसने अपनी सबसे महफूज जगह (Safe Zone) खो दी है।
दिमाग को अचानक हुआ बदलाव क्यों परेशान करता है?
साइकोलॉजी कहती है कि हमारा दिमाग रूटीन और आदतों का आदी हो जाता है। रोज किसी से बात करना, मिलना या ऑनलाइन चैट करना एक मानसिक पैटर्न बना देता है। जब वही इंसान अचानक जिंदगी से बाहर हो जाता है, तो उस रूटीन में एक खाली जगह बन जाती है।
यही वजह है कि दोस्ती टूटने के बाद बार-बार फोन चेक करने या पुराने मैसेज देखने की तलब होती है। दिमाग पुरानी आदत को तुरंत बंद नहीं कर पाता और कुछ समय तक उसी खो चुके कनेक्शन को खोजता रहता है।
दोस्ती में भी होता है ‘लॉस’ (नुकसान) का गहरा एहसास
किसी करीबी दोस्त को खोना एक बहुत बड़े व्यक्तिगत नुकसान की तरह महसूस होता है। उसके साथ बनाए गए फ्यूचर प्लान, उम्मीदें और साझा की गई यादें भी उसी के साथ जुड़ी होती हैं। खास बात यह है कि दोस्ती टूटने पर कई बार सामने वाला पूरी तरह गायब नहीं होता। सोशल मीडिया पर उसकी तस्वीरें या अपडेट दिखते रहते हैं, जिससे मूव ऑन (Move on) करना और आगे बढ़ना कहीं ज्यादा मुश्किल हो जाता है।
‘आखिर हुआ क्या?’ वाला सवाल सबसे ज्यादा सताता है
साइकोलॉजी के अनुसार, रोमांटिक रिश्ते टूटने पर अक्सर लोग ब्रेकअप को एक नाम या स्पष्ट कारण दे देते हैं। लेकिन दोस्ती टूटने की वजह कई बार साफ नहीं होती। एक छोटी बहस, गलतफहमी, कम होती बातचीत या धीरे-धीरे बढ़ती दूरी रिश्ते को खत्म कर सकती है।
अगर सही तरीके से बात करके (Closure) चीजें खत्म नहीं होती हैं, तो दिमाग बार-बार पुराने पलों को जोड़कर जवाब तलाशने की कोशिश करता है। यही वजह है कि कुछ लोगों को दोस्ती टूटने के महीनों बाद भी “काश मैंने उस दिन ये कहा होता” जैसी बातें परेशान करती रहती हैं।
इस दर्द से बाहर कैसे निकलें?
साइकोलॉजिस्ट्स का कहना है कि इस स्थिति में सबसे पहले खुद को यह कहना बंद करें कि “आखिर दोस्त ही तो था।” अगर कोई रिश्ता आपके लिए खास था, तो उसका खत्म होना आपको दुख दे सकता है और यह एक बिल्कुल नॉर्मल इमोशनल रिएक्शन है। इस दर्द से बाहर आने के लिए कुछ कदम उठाए जा सकते हैं:
-
कुछ समय के लिए सोशल मीडिया से दूरी बनाएं।
-
पुराने मैसेज बार-बार पढ़ने से बचें।
-
अपनी दिनचर्या में नई एक्टिविटी जोड़ें और खुद को व्यस्त रखें।
-
किसी अन्य भरोसेमंद व्यक्ति से अपनी भावनाएं शेयर करें।
अगर यह दर्द लंबे समय तक आपकी डेली रूटीन, नींद या काम पर असर डाल रहा है, तो मेंटल हेल्थ एक्सपर्ट (Mental Health Expert) से बात करना मददगार हो सकता है।

