जाते मानसून ने बदली करवट, कई राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट

मानसून की विदाई की बेला में देश के मौसम (Weather Update) का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 3 अक्टूबर के लिए देश के करीब 15 राज्यों में बारिश, आंधी और तूफानी हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, वातावरण में बन रहे नए मौसमी तंत्र के चलते कई इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। जिन 15 राज्यों में मौसम बिगड़ने की संभावना है, उनमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और नागालैंड शामिल हैं।
मानसून की वापसी और नया मौसमी तंत्र
आईएमडी के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून फिलहाल उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों (गुरदासपुर, चंडीगढ़, अलीगढ़, उदयपुर, नलिया) से पीछे हट रहा है। लेकिन, निचले क्षोभमंडल (Lower Troposphere) में उत्तर पूर्वी असम पर चक्रवाती हवा का दबाव और बंगाल की खाड़ी में मौसमी हलचल बढ़ने के कारण अचानक बादलों के गरजने और बारिश के आसार बन गए हैं।
राज्यों के मौसम का हाल
1. दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR Weather) दिल्ली और आसपास के इलाकों में मौसम मिलाजुला रहेगा। 3 और 4 अक्टूबर को हल्की बूंदाबांदी और तेज हवाओं की संभावना है। बारिश से कुछ राहत मिलेगी, लेकिन उमस (Humidity) बढ़ सकती है।
2. उत्तर प्रदेश (UP Weather) यूपी के पूर्वी हिस्सों (गाजीपुर, चंदौली, बलिया, आजमगढ़, मिर्जापुर, अयोध्या) में आज शाम से भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। पश्चिमी यूपी में 7 अक्टूबर के आसपास बारिश का दायरा बढ़ेगा, जबकि पूर्वी यूपी में 5 से 8 अक्टूबर तक छिटपुट बरसात जारी रहेगी।
3. बिहार और झारखंड (Bihar Jharkhand Weather) पूर्वी भारत में 3 से 8 अक्टूबर के दौरान रुक-रुक कर बारिश होने का अनुमान है। बिहार में 6 से 8 अक्टूबर के बीच आंधी और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा है। मौसम विभाग ने किसानों को खेतों में काम करते समय पेड़ों के नीचे या खुले मैदान में न रुकने की सख्त हिदायत दी है।
4. उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश पहाड़ी राज्यों में स्थिति संवेदनशील है।
-
उत्तराखंड: 5 से 8 अक्टूबर के बीच बारिश तेज होगी, विशेषकर 7 अक्टूबर को भारी बारिश का अलर्ट है।
-
हिमाचल प्रदेश: 6 और 7 अक्टूबर को आंधी, बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ बरसात का अनुमान है। पर्यटकों को भूस्खलन (Landslide) से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
5. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ (MP CG Weather) पूर्वी मध्य प्रदेश में आज गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। छत्तीसगढ़ में 5 से 8 अक्टूबर के बीच कई स्थानों पर अच्छी बारिश के संकेत हैं।
6. पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत
-
पूर्वोत्तर: असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 3 से 8 अक्टूबर के दौरान 50-60 किमी/घंटा की तूफानी हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट है।
-
दक्षिण भारत: तटीय आंध्र प्रदेश, उत्तरी कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल में व्यापक बारिश की आशंका है। समुद्र में ऊंची लहरें उठने के कारण मछुआरों को किनारे पर ही रहने के निर्देश दिए गए हैं।

