MLC चुनाव: भाजपा का महामंथन, सपा ने प्रत्याशी उतारकर बढ़त बनाई

yogi-adityanath-akhilesh-yadav-1751339471
साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों ने वाराणसी खंड शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव के लिए कमर कस ली है। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) संगठन के स्तर पर चुनावी बिसात बिछाने में जुट गई है, वहीं समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपना उम्मीदवार घोषित कर अभियान तेज कर दिया है। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले होने जा रहा यह एमएलसी चुनाव सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के लिए एक बड़ी परीक्षा साबित होगा।

भाजपा का मंथन: 10 जिलों के पदाधिकारियों की बैठक

भाजपा ने चुनाव की तैयारियों को धार देने के लिए काशी क्षेत्र कार्यालय में एक अहम बैठक की। इस बैठक में 10 जिलों के जिलाध्यक्ष, जिला संयोजक और पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक में मुख्य रूप से भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरि ने चुनावी रणनीति पर कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की। उन्होंने मतदाता सूची में नए नाम जुड़वाने और सभी शिक्षकों तक पार्टी की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए एक व्यापक संपर्क अभियान चलाने के निर्देश दिए। हालांकि, पार्टी ने अभी तक इस सीट के लिए किसी प्रत्याशी के नाम का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है। सूत्रों के मुताबिक, जल्द ही पार्टी नेतृत्व की ओर से उम्मीदवार पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है।

प्रत्याशी चयन में सपा आगे, आशुतोष सिन्हा मैदान में

भाजपा की संगठनात्मक तैयारियों के उलट, समाजवादी पार्टी प्रत्याशी चयन के मामले में आगे निकल गई है। सपा ने वाराणसी खंड शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए अपने वर्तमान एमएलसी आशुतोष सिन्हा को ही फिर से उम्मीदवार बनाया है।

पार्टी और प्रत्याशी दोनों महीनों पहले से ही चुनावी मोड में हैं। आशुतोष सिन्हा खुद शिक्षक मतदाताओं से सीधा संपर्क साधने और नए वोटरों के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के अभियान में लगातार सक्रिय हैं।