दिल्ली-वाराणसी बुलेट ट्रेन से बदलेगा सफर, लखनऊ पहुंचने में लगेंगे 2 घंटे!

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली-वाराणसी-गुवाहाटी बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट के नॉर्दर्न कॉरिडोर (Northern Corridor) को अपनी स्वीकृति दे दी है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस अहम परियोजना की जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश को जल्द ही हाईस्पीड बुलेट ट्रेन की यह बड़ी सौगात मिलने वाली है। यह नया कॉरिडोर देश की राजधानी दिल्ली से शुरू होकर उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल होते हुए असम के गुवाहाटी तक जाएगा।
घट जाएगा सफर: दिल्ली से आगरा महज 59 मिनट में
इस नॉर्दर्न कॉरिडोर के बनने के बाद शहरों के बीच यात्रा का समय कुछ घंटों में सिमट जाएगा। रेल मंत्री के मुताबिक, बुलेट ट्रेन से दिल्ली से आगरा तक का सफर एक घंटे से भी कम, यानी केवल 59 मिनट में पूरा हो जाएगा। वहीं, दिल्ली से कानपुर पहुंचने में 1 घंटे 45 मिनट और दिल्ली से लखनऊ की यात्रा 2 घंटे 12 मिनट में पूरी होगी।
पूर्वांचल और बिहार के लिए भी कनेक्टिविटी में बड़ा बदलाव आएगा। वाराणसी से लखनऊ तक का सफर 1 घंटे 21 मिनट में और दिल्ली से वाराणसी की दूरी 3 घंटे 32 मिनट में तय की जा सकेगी। इसके अलावा, वाराणसी से पटना की यात्रा मात्र एक घंटे में पूरी हो जाएगी।
अयोध्या और सिलीगुड़ी भी जुड़ेंगे बुलेट ट्रेन नेटवर्क से
यह हाईस्पीड रेल कॉरिडोर पांच राज्यों- दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और असम के लिए पहली बुलेट ट्रेन परियोजना होगी। तय रूट के अनुसार, बुलेट ट्रेन दिल्ली से चलकर आगरा, कानपुर, लखनऊ और अयोध्या को कनेक्ट करेगी। इसके बाद यह वाराणसी, पटना और सिलीगुड़ी से होते हुए असम के गुवाहाटी तक का सफर तय करेगी। रेल मंत्री ने कहा कि इतनी हाईस्पीड कनेक्टिविटी से यात्री दिल्ली से बुलेट ट्रेन के जरिए कानपुर जाकर शाम तक वापस लौटकर अपना काम कर सकेंगे।
मुंबई-अहमदाबाद प्रोजेक्ट के अनुभवों का मिलेगा फायदा
सरकार मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट के बाद इस नॉर्दर्न हाईस्पीड रेल कॉरिडोर पर तेजी से काम आगे बढ़ाना चाहती है। मुंबई-अहमदाबाद रूट के सूरत-बिलिमोरा पहले चरण का उद्घाटन अगले साल 15 अगस्त तक होना है। साबरमती, अहमदाबाद, बांद्रा-कुर्ला और विरार समेत कुल 12 स्टेशनों वाले इस पूरे रूट को 2029 के मध्य तक खोलने का लक्ष्य है।
सरकार ने पिछले बजट में अपने इन्फ्रास्ट्रक्चर प्लान के तहत सात प्रायोरिटी हाईस्पीड रेल कॉरिडोर (जैसे मुंबई-बेंगलुरु, मुंबई-हैदराबाद, हैदराबाद-चेन्नई) की घोषणा की थी। इन प्रोजेक्ट्स को मुंबई-अहमदाबाद से मिले अनुभवों के आधार पर तैयार किया जाएगा।
आज शुरू होगी दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत
बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट की इन तैयारियों के बीच, दिल्ली-वाराणसी के रेल यात्रियों को आज से वंदे भारत ट्रेन की सुविधा मिलने जा रही है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव आज शाम वाराणसी में इस वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।

