मोदी के संसदीय क्षेत्र में BJP को झटका? केदारनाथ सिंह ने स्वीकारा जनादेश

उत्तर प्रदेश विधान परिषद (MLC) चुनाव की सबसे हाई-प्रोफाइल सीटों में से एक—वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र—पर तीसरे दिन भी मतगणना जारी है। हालांकि, चुनाव आयोग की ओर से अभी तक अंतिम परिणाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन समाजवादी पार्टी (SP) के उम्मीदवार आशुतोष सिन्हा की मजबूत बढ़त के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) प्रत्याशी केदारनाथ सिंह ने अपनी हार स्वीकार कर ली है। प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र में हुए इस उलटफेर ने यूपी की राजनीति में बड़ी हलचल पैदा कर दी है।
‘जनादेश को विनम्रता से स्वीकार करता हूं’- BJP प्रत्याशी
वाराणसी स्नातक सीट पर मंगलवार सुबह से शुरू हुई मतगणना गुरुवार तक जारी रही। नौवें चक्र की मतगणना तक सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने भारी बढ़त बना ली थी। इसी बीच, बीजेपी उम्मीदवार केदारनाथ सिंह ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट लिखकर अपनी हार मान ली।
केदारनाथ सिंह ने लिखा, “जनादेश को मैं पूर्ण विनम्रता और लोकतांत्रिक मर्यादा के साथ स्वीकार करता हूं। यद्यपि इस चुनाव में हमें अपेक्षित सफलता प्राप्त नहीं हो सकी, तथापि आप सभी का स्नेह, सहयोग और विश्वास मेरे लिए सदैव अमूल्य रहेगा।” उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार जताते हुए कहा कि जीत और हार लोकतंत्र का हिस्सा हैं और उनका जनसेवा का संकल्प जारी रहेगा।
सपा खेमे में जश्न, आप सांसद का दावा- ’16 हजार से जीते’
बीजेपी प्रत्याशी के हार मानने और आशुतोष सिन्हा की लगातार बढ़त के बाद समाजवादी पार्टी के खेमे में जश्न का माहौल है। पार्टी नेताओं का दावा है कि जीत पक्की है, बस औपचारिक घोषणा होना बाकी है। इसी बीच आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भी सोशल मीडिया पर दावा किया कि आशुतोष सिन्हा लगभग 16,990 वोटों से जीत चुके हैं और निर्वाचन अधिकारियों को उन्हें तुरंत जीत का प्रमाणपत्र देना चाहिए।
मतगणना को लेकर हुआ था भारी विवाद
इससे पहले बुधवार शाम को वाराणसी में मतगणना को लेकर भारी विवाद देखने को मिला था। बीजेपी प्रत्याशी केदारनाथ सिंह मतगणना पर्यवेक्षक प्रांजल यादव पर धांधली का आरोप लगाते हुए धरने पर बैठ गए थे और उन्हें हटाने की मांग की थी।
अखिलेश यादव की अपील- ‘डटे रहें’
मतगणना में हो रही देरी और विवादों के बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने कार्यकर्ताओं को मतगणना केंद्र पर डटे रहने का निर्देश दिया था। अखिलेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर लिखा, “सब डटे रहें और जीत का प्रमाणपत्र लेकर ही उठें।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी रात मतगणना स्थल पर निगरानी रखने और भोजन-पानी की व्यवस्था बनाए रखने की अपील भी की थी, जिसके बाद सैकड़ों सपा कार्यकर्ता पूरी रात वहां डटे रहे।

