यूपी में सिर्फ 5 रुपये में मिलेगा भरपेट खाना, 18 जिलों में खुलेगी अन्नपूर्णा रसोई

उत्तर प्रदेश सरकार ने गरीब, बेसहारा और दिहाड़ी मजदूरों को बड़ी राहत देते हुए 18 जिलों में ‘अन्नपूर्णा रसोई योजना’ शुरू करने का ऐलान किया है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत गरीबों को सिर्फ 5 रुपये में भरपेट पौष्टिक भोजन मुहैया कराया जाएगा।
श्रम एवं सेवायोजन विभाग की ओर से यह घोषणा धनतेरस, दिवाली और छठ पूजा जैसे प्रमुख त्योहारों से ठीक पहले की गई है। अधिकारियों के मुताबिक, नवंबर के मध्य या त्योहारों के तुरंत बाद इस योजना की शुरुआत की जा सकती है, जिसका शुभारंभ खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।
सिर्फ 5 रुपये में थाली और 3 रुपये में नाश्ता
इस योजना का मुख्य उद्देश्य असहाय लोगों, मजदूरों और रेहड़ी-पटरी वालों को सस्ता और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना है। दिल्ली की अटल कैंटीन की तर्ज पर शुरू हो रही अन्नपूर्णा रसोई योजना में मात्र 5 रुपये में भरपेट पौष्टिक भोजन की थाली दी जाएगी, जबकि सुबह का नाश्ता केवल 3 रुपये में मिलेगा। सरकार ने भोजन की गुणवत्ता के लिए विशेष गाइडलाइन तैयार की है। थाली में मौसमी सब्जियां, दाल, चावल और रोटी शामिल होगी।
इन 18 मंडल मुख्यालयों में होगी शुरुआत
यह योजना प्रदेश के सभी 18 मंडल मुख्यालयों वाले जिलों में एक साथ शुरू की जाएगी। इनमें ये बड़े जिले शामिल हैं:
-
लखनऊ
-
कानपुर
-
वाराणसी
-
प्रयागराज
-
गोरखपुर
-
अयोध्या
-
मेरठ
-
आगरा
-
बरेली
-
मुरादाबाद
-
अलीगढ़
-
आजमगढ़
-
झांसी
-
बस्ती
-
सहारनपुर
-
मिर्जापुर
-
देवीपाटन (गोंडा)
-
चित्रकूट (बांदा)
मंडियों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों के पास खुलेंगी कैंटीन
सरकार की योजना है कि ये भोजनालय ऐसी जगहों पर खोले जाएं जहां मजदूरों, किसानों और कामगारों की संख्या ज्यादा होती है। अनाज मंडियों और श्रमिक अड्डों के पास कैंटीन खोली जाएंगी ताकि फसल बेचने आने वाले किसानों और दिहाड़ी मजदूरों को कम कीमत पर उनके पास ही भोजन मिल सके।
इसके अलावा, बस स्टैंडों, रेलवे स्टेशनों और सरकारी अस्पतालों के पास भी कैंटीन स्थलों का चयन किया जा रहा है। सरकार का स्पष्ट मानना है कि राज्य में कोई भी व्यक्ति भूखा नहीं सोना चाहिए। फिलहाल, भोजन तैयार करने और कैंटीन के संचालन के लिए एजेंसियों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

