जौनपुर को मिले 3677 करोड़ के प्रोजेक्ट्स में कौन सी सड़कें और बाईपास हैं?

nitin
गौरव त्रिपाठी
गौरव त्रिपाठी

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने उत्तर प्रदेश के जौनपुर में 3677 करोड़ रुपये की आठ नेशनल हाईवे परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुंगराबादशाहपुर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने 3210 करोड़ रुपये की लागत वाली तीन सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जबकि 467 करोड़ रुपये की पांच परियोजनाओं की नींव रखी। इन हाईवे प्रोजेक्ट्स से भदोही, मछलीशहर और आजमगढ़ से लेकर प्रयागराज-प्रतापगढ़ और रायबरेली तक हाईस्पीड कनेक्टिविटी मिलेगी।

कांग्रेस के 50 साल बनाम बीजेपी के 10 साल

उद्घाटन समारोह के मंच से गडकरी ने कांग्रेस पर सीधा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के 50 साल के शासन में अमेठी और रायबरेली जैसे वीआईपी जिलों में उतना काम नहीं हुआ, जितना बीजेपी सरकार ने बीते दस सालों में कर दिया है। इसे विकास का एक ‘ट्रेलर’ बताते हुए उन्होंने कहा कि अभी पूरी फिल्म बाकी है।

अपने संबोधन में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री ने दोहराया कि उत्तर प्रदेश की सड़कों को भी अमेरिका के स्तर का बनाया जा रहा है।

अन्नदाता को ‘ऊर्जादाता’ बनाने पर जोर

किसानों और कृषि क्षेत्र को लेकर गडकरी ने कहा कि यूपी के किसान अब सिर्फ अन्नदाता नहीं रहेंगे, बल्कि वे ‘ऊर्जादाता’ भी बनेंगे। उनके मुताबिक, एथेनॉल और हाइड्रोजन के इस्तेमाल को बढ़ावा देने से पेट्रोल-डीजल पर देश की निर्भरता घटेगी। इससे गन्ना, मक्का और गेहूं उगाने वाले किसानों की आय दोगुनी होगी। उन्होंने बताया कि गन्ने की खोई, धान के अवशेष और सोयाबीन जैसे कृषि कचरे से हाइड्रोजन बनाई जा सकती है और सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों के साथ-साथ इन विकल्पों को बढ़ावा दे रही है।

मुंगराबादशाहपुर और जौनपुर को ट्रैफिक जाम से राहत

नई परियोजनाओं के शुरू होने से जौनपुर और आसपास के जिलों को भारी जाम से बड़ी राहत मिलेगी। गडकरी ने मुंगराबादशाहपुर शहर को भारी वाहनों के दबाव से बचाने के लिए 198 करोड़ रुपये की लागत वाले 4 किलोमीटर लंबे बाईपास की आधारशिला रखी। इसके अलावा जौनपुर में 12 किलोमीटर का नया बाईपास, सई नदी पर 16 करोड़ का नया पुल और मड़ियाहूं में 192 करोड़ का रेलवे ओवरब्रिज (ROB) बनाया जाएगा।

आजमगढ़ जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए जौनपुर में लता मंगेशकर तिराहे से प्रसाद इंस्टीट्यूट तक 4.7 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क (NH-128A) का भी शिलान्यास किया गया, जिस पर 33 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

पूर्वांचल के कालीन उद्योग और व्यापार को बूस्ट

गडकरी ने 627 करोड़ रुपये की लागत से बनी 49 किलोमीटर लंबी मछलीशहर-भदोही टू-लेन सड़क का उद्घाटन किया। इसके साथ ही 1078 करोड़ रुपये का रायबरेली-प्रयागराज (NH-30) बाईपास और 1505 करोड़ रुपये की लागत वाली 63 किलोमीटर लंबी रायबरेली-प्रयागराज लिंक रोड भी आम जनता को समर्पित की गई।

मछलीशहर-भदोही मार्ग के चौड़ीकरण और मड़ियाहूं में नए आरओब से भदोही के कालीन उद्योग से जुड़े व्यापारियों को सीधा फायदा होगा। अब वे मिर्जापुर, जौनपुर, प्रयागराज और लखनऊ की मंडियों तक अपना माल कम समय में भेज सकेंगे। गडकरी ने बताया कि वर्तमान में अकेले उत्तर प्रदेश में पांच लाख करोड़ रुपये से अधिक की सड़क परियोजनाओं पर काम चल रहा है, जिनमें से एक लाख करोड़ का काम पूरा हो चुका है।