कौन हैं जया पाल, जिन्हें BJP ने OBC मोर्चा की प्रदेश टीम में शामिल किया

bjp
गौरव त्रिपाठी
गौरव त्रिपाठी

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में पार्टी ने प्रदेश के विभिन्न मोर्चों की नई टीम का ऐलान किया है। इस सूची में सबसे ज्यादा चर्चा प्रयागराज की जया पाल (Jaya Pal) को मिली नई जिम्मेदारी की हो रही है। भाजपा ने दिवंगत अधिवक्ता उमेश पाल की पत्नी जया पाल को यूपी पिछड़ा वर्ग (OBC) मोर्चा का प्रदेश मंत्री नियुक्त किया है।

उमेश पाल हत्याकांड और जया पाल का संघर्ष

जया पाल प्रयागराज के धूमनगंज इलाके की रहने वाली हैं। उनके पति उमेश पाल, जो 2005 के बहुचर्चित बसपा विधायक राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह थे, की 24 फरवरी 2023 को सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हमले में उनके दो सुरक्षाकर्मी भी शहीद हुए थे।

इस दुस्साहसिक हत्याकांड के बाद जया पाल ने ही पुलिस में तत्कालीन बाहुबली पूर्व सांसद अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ, पत्नी शाइस्ता परवीन और बेटों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके बाद 15 अप्रैल 2023 को पुलिस कस्टडी में अतीक और अशरफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

हत्याकांड के बाद भाजपा से जुड़ीं

पति की हत्या के बाद जया पाल न्याय की लड़ाई लड़ते हुए भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गई थीं। उसके बाद से वे प्रयागराज और आसपास के इलाकों में पार्टी के कई कार्यक्रमों और अभियानों में बेहद सक्रिय देखी गईं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य शीर्ष भाजपा नेताओं की रैलियों में भी उनकी मौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही। हालांकि, अभी तक उनके पास पार्टी में कोई आधिकारिक प्रदेश स्तरीय पद नहीं था।

प्रयागराज की अन्य महिला नेताओं को भी मिली जिम्मेदारी

भाजपा की ओर से जारी की गई नई संगठनात्मक सूची में जया पाल के साथ-साथ प्रयागराज की कुछ अन्य महिला चेहरों को भी अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं:

  • पूजा बिंद: प्रयागराज के नैनी क्षेत्र की रहने वालीं पूजा बिंद को भी जया पाल के साथ OBC मोर्चा का प्रदेश मंत्री बनाया गया है। वह इससे पहले प्रांतीय परिषद और पार्टी के कई अभियानों में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा चुकी हैं।

  • अनीता सिंह: यूपी राज्य महिला आयोग की पूर्व सदस्य और काशी क्षेत्र महिला मोर्चा की अध्यक्ष रह चुकीं अनीता सिंह को प्रमोट करते हुए महिला मोर्चा का प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया गया है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जया पाल को यह अहम जिम्मेदारी देकर भाजपा ने न केवल एक बड़ा भावनात्मक कार्ड खेला है, बल्कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था और अतीक अहमद जैसे माफियाओं के खात्मे के अपने नैरेटिव को ओबीसी वोट बैंक के बीच और मजबूत करने का संदेश भी दिया है।