टाइगर केस में बड़ा खुलासा, सूरत स्टेशन के CCTV से मिला भागने का सुराग

tiger
साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर मुंबई में हुई गोलीबारी के मामले में जांच एजेंसियां तेजी से कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं। राजस्थान के कोटा में पकड़े गए तीनों आरोपियों को लेकर मुंबई पुलिस की टीम मेडिकल जांच के लिए कोटा के एमबीएस (MBS) अस्पताल पहुंच चुकी है।

मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि हमलावरों ने मुंबई में वारदात को अंजाम दिया और कुछ ही घंटों के भीतर वे गुजरात पहुंच गए थे। दिल्ली और राजस्थान पुलिस के साथ साझा इनपुट और तालमेल के जरिए इन तीनों को कोटा में दबोचा गया।

सूरत रेलवे स्टेशन से सामने आई CCTV फुटेज की टाइमलाइन

वारदात के बाद आरोपियों के भागने का एक अहम रूट सीसीटीवी फुटेज से साफ हुआ है। तीनों संदिग्ध महाराष्ट्र नंबर की पासिंग वाली टैक्सी से सड़क मार्ग के जरिए गुजरात के सूरत पहुंचे थे।

जांच में मिले सीसीटीवी फुटेज के अनुसार:

  • तड़के 1:31 बजे (19 अक्टूबर): तीनों संदिग्ध सूरत रेलवे स्टेशन के एग्जिट गेट से अंदर की ओर प्रवेश करते हुए फुटेज में दिखाई दिए।

  • तड़के 1:33 बजे: ठीक दो मिनट बाद तीनों को पुणे-जयपुर एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12939) के जनरल कोच में चढ़ते हुए रिकॉर्ड किया गया।

सड़क मार्ग से टैक्सी के जरिए स्टेशन पहुंचने, पैदल परिसर में दाखिल होने और ट्रेन में सवार होने तक का पूरा घटनाक्रम कैमरों में दर्ज हो गया है।

सड़क या रेल मार्ग: मुंबई ले जाने की तैयारी

कोटा से आरोपियों को मुंबई लाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार किया जा रहा है। पुलिस टीम ट्रेन और सड़क दोनों विकल्पों पर विचार कर रही है। कोटा से मुंबई रूट पर कई ट्रेनें उपलब्ध हैं, लेकिन सुरक्षा कारणों के मद्देनजर पुलिस द्वारा इन्हें सड़क मार्ग से मुंबई ले जाने की संभावना ज्यादा जताई जा रही है।

एमबीएस अस्पताल में मेडिकल मुआयना पूरा होने और स्थानीय कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस टीम आरोपियों को लेकर मुंबई के लिए रवाना होगी।