तरंग शक्ति 2.0 में दिख सकता है अमेरिकी F-35, जानें पूरा प्लान

jet
Saima Siddiqui
Saima Siddiqui

भारतीय वायुसेना के बड़े मल्टीनेशनल एयर एक्सरसाइज ‘तरंग शक्ति 2.0’ की तैयारियां पूरी हो गई हैं। 26 सितंबर से 12 अक्टूबर तक राजस्थान के जोधपुर एयरबेस पर होने वाले इस युद्धाभ्यास में अमेरिका का 5वीं पीढ़ी का स्टील्थ फाइटर जेट F-35 पहली बार भारत में किसी सैन्य अभ्यास का हिस्सा बन सकता है।

अमेरिका के अलावा ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस, जर्मनी, यूएई, ग्रीस, श्रीलंका और बांग्लादेश के विमान भी अभ्यास में शामिल होने की योजना है। कुल आठ देशों के एयरक्राफ्ट इस अभ्यास में हिस्सा ले सकते हैं, जबकि 30 से ज्यादा देश ऑब्जर्वर के तौर पर मौजूद रहेंगे।

F-35 पर टिकी नजरें

तरंग शक्ति 2.0 में अमेरिकी F-35 की संभावित मौजूदगी इसे खास बनाती है। रक्षा अधिकारियों के अनुसार, अभी तक अमेरिका के शेड्यूल में F-35 लड़ाकू विमान शामिल है।

अगर यह विमान अभ्यास में हिस्सा लेता है तो भारत में किसी सैन्य अभ्यास में F-35 की पहली भागीदारी होगी। F-35 अमेरिका का 5वीं पीढ़ी का स्टील्थ फाइटर जेट है।

जोधपुर एयरबेस पर होने वाले अभ्यास में भारत और मित्र देशों के लड़ाकू विमान साझा युद्धाभ्यास करेंगे। जोधपुर की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए यह अभ्यास पाकिस्तान सीमा के करीब आयोजित होने वाले बड़े हवाई अभ्यासों में शामिल होगा।

2024 में हुआ था तरंग शक्ति का पहला संस्करण

भारतीय वायुसेना ने ‘तरंग शक्ति’ के पहले संस्करण का आयोजन 2024 में किया था। इसे दो चरणों में आयोजित किया गया था। पहला चरण तमिलनाडु के सुलूर एयरबेस और दूसरा चरण राजस्थान के जोधपुर एयरबेस पर हुआ था।

सुलूर में आयोजित पहले चरण में फ्रांस के राफेल, जर्मनी, स्पेन और ब्रिटेन के यूरोफाइटर टाइफून लड़ाकू विमान शामिल हुए थे। भारतीय वायुसेना ने भी अपने प्रमुख एयरक्राफ्ट और हेलिकॉप्टर प्लेटफॉर्म के साथ ऑपरेशनल क्षमता का प्रदर्शन किया था। इनमें राफेल, सुखोई, मिराज-2000, जगुआर, तेजस, MiG-29 और प्रचंड शामिल थे।

जोधपुर में हुए दूसरे चरण में ऑस्ट्रेलिया का EA-18G ग्रोलर, ग्रीस और यूएई के F-16 तथा अमेरिका के A-10 और F-16 शामिल हुए थे। अभ्यास में कुल 27 लड़ाकू विमानों के अलावा एयर-टू-एयर रीफ्यूलर, एयरबोर्न अर्ली वार्निंग एंड कंट्रोल सिस्टम और स्पेशल फोर्स एयरक्राफ्ट भी शामिल हुए थे।

तरंग शक्ति से पहले वीर गार्जियन 26

तरंग शक्ति 2.0 से पहले भारत और जापान की वायुसेनाएं भी जोधपुर में संयुक्त अभ्यास करेंगी। ‘वीर गार्जियन 26’ का आयोजन 9 सितंबर से 22 सितंबर तक प्रस्तावित है।

इस अभ्यास में भारतीय वायुसेना के Su-30MKI और जापान एयर सेल्फ-डिफेंस फोर्स के F-2 फाइटर जेट शामिल होंगे। जापान के फाइटर जेट पहली बार भारत में किसी ऐसे अभ्यास में हिस्सा लेने के लिए आएंगे।

भारत और जापान के बीच ‘वीर गार्जियन’ का पहला संस्करण 2023 में जापान के हयाकुरी एयरबेस पर हुआ था। उस अभ्यास में भारतीय वायुसेना के Su-30MKI, C-17 ग्लोबमास्टर और IL-78 मिड-एयर रीफ्यूलर शामिल हुए थे। जापान की ओर से F-2 और F-15 लड़ाकू विमानों ने हिस्सा लिया था।