BJP हारी तो E-20 खत्म! केजरीवाल ने रख दी राजनीति छोड़ने की शर्त

पणजी: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने E-20 पेट्रोल को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है। गोवा में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने दावा किया कि अगर विधानसभा चुनाव में गोवा और उत्तर प्रदेश में BJP हारती है तो 15 मार्च तक E-20 वापस हो जाएगा।
‘5 दिन में E-20 वापस न हुआ तो राजनीति छोड़ दूंगा’
केजरीवाल ने कहा, “गोवा में 87 फीसदी लोग E-20 की वजह से परेशान हैं।” उन्होंने दावा किया कि गोवा में 87 फीसदी लोगों के पास टू-व्हीलर और 47 फीसदी लोगों के पास फोर-व्हीलर है।
उन्होंने कहा कि अगर लोग इस बार BJP को वोट नहीं देने का फैसला करते हैं तो पांच दिन के भीतर E-20 वापस हो जाएगा। केजरीवाल ने इसी को लेकर अपनी राजनीतिक शर्त भी रखी।
उनका कहना था कि अगर गोवा में BJP को हराकर दिखाया जाए और पांच दिनों में E-20 वापस नहीं होता तो वह राजनीति छोड़ देंगे।
केजरीवाल का दावा- E-20 से गोवा सबसे ज्यादा प्रभावित
AAP नेता ने E-20 को लेकर कहा कि गोवा इससे सबसे ज्यादा प्रभावित है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को लगता है कि गोवा में अभी E-20 लागू नहीं हुआ है, लेकिन ऐसा नहीं है।
केजरीवाल ने दावा किया कि 1 अप्रैल 2026 से देशभर के हर पेट्रोल पंप पर केवल E-20 पेट्रोल मिल रहा है और Pure पेट्रोल उपलब्ध नहीं है। उनके मुताबिक, E-20 के कारण वाहनों का माइलेज कम हो रहा है।
इथेनॉल और चीनी की कीमतों को भी जोड़ा
केजरीवाल ने इथेनॉल उत्पादन को चीनी की कीमतों से भी जोड़ा। उन्होंने दावा किया कि इथेनॉल के कारण देश में चीनी की कमी हुई है और पिछले एक महीने में चीनी की कीमत में 30 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है।
उन्होंने कहा कि 30 जुलाई को चीनी बाजार में 45 रुपये प्रति किलो थी, जबकि अब 75 रुपये प्रति किलो मिल रही है।
BJP पर भी साधा निशाना
केजरीवाल ने BJP पर राजनीतिक अहंकार का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी को लगता है कि सरकार उसी की बनेगी और जनता उसे ही वोट देगी।
