राम रहीम की पैरोल पर पप्पू यादव का हमला, BJP पर लगाए गंभीर आरोप

pappu yadav
गौरव त्रिपाठी
गौरव त्रिपाठी

पटना: डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को 21 दिन की पैरोल मिलने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने मंगलवार, 25 अगस्त को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए BJP पर निशाना साधा। उन्होंने राम रहीम की पैरोल को शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों के साथ जोड़ते हुए सरकार पर तीखा हमला किया।

पप्पू यादव ने अपने पोस्ट में लिखा, “रेप के सजायाफ्ता राम रहीम को 17वीं बार पैरोल पर जेल से छोड़ा गया है। मतलब BJP राज में रेप करो बार-बार पैरोल लो। वहीं शिक्षा रोजगार की बात करो तो AK-47 की गोली, पैलेट गन और डंडे की मार के साथ जेल में सड़ो!”

उनकी यह टिप्पणी राम रहीम को मिली 21 दिन की पैरोल के बाद सामने आई है। राम रहीम को 2017 में दोषी ठहराए जाने के बाद 20 साल की सजा सुनाई गई थी।

राम रहीम की पैरोल पर विपक्ष का हमला

राम रहीम की पैरोल को लेकर विपक्षी नेताओं ने BJP और सरकार पर सवाल उठाए हैं। पप्पू यादव के अलावा शिवसेना (UBT) नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने भी इस फैसले को लेकर सवाल उठाया और इसे शर्मनाक बताया।

कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने भी राम रहीम की पैरोल पर तंज कसा। उन्होंने महिलाओं के सम्मान को लेकर सत्ता में बैठे लोगों के दावों पर सवाल उठाते हुए टिप्पणी की, “सत्ता में बैठे लोग नारी वंदन की बात करते हैं! डूब मरो…”

बिहार कांग्रेस ने भी साधा निशाना

बिहार कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ. स्नेहाशीष वर्धन ने राम रहीम की पैरोल को बेहद निंदनीय बताया। उन्होंने BJP पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि BJP के समर्थन वाले अपराधियों को कानून का भय नहीं रहता।

वर्धन ने आरोप लगाया कि राम रहीम जैसे दोषियों को बार-बार पैरोल मिलने से पीड़ितों में डर पैदा हो सकता है। उन्होंने BJP पर महिला उत्पीड़न के आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप भी लगाया।

2017 में हुई थी सजा

गुरमीत राम रहीम को 2017 में रेप के मामले में दोषी ठहराया गया था और उसे 20 साल की सजा सुनाई गई थी। इसके बाद उसे अलग-अलग मौकों पर पैरोल और फरलो मिलती रही है।