गज़ब! कार पर बनाए 3,400 Kiss Marks; पुलिस ने काटा ₹5,500 चालान

gwalior-girlfriend-3400-kiss-marks-car-challan
संजीव पॉल
संजीव पॉल

 ग्वालियर : यहाँ प्यार जताने का एक ऐसा अंदाज सामने आया, जिसने बॉयफ्रेंड को खुशी से ज्यादा परेशानी में डाल दिया। एक युवती ने अपने प्रेमी की कार पर लिपस्टिक से एक-दो नहीं, बल्कि करीब 3,400 Kiss Marks बना दिए। करीब साढ़े तीन घंटे की मेहनत के बाद पूरी कार चुंबन के निशानों से भर गई।

जब यह कार ग्वालियर की सड़कों पर निकली तो लोगों की नजरें उस पर टिक गईं। मामला पुलिस तक पहुंचा तो कार चालक आदित्य सिकरवार को कार्रवाई का सामना करना पड़ा। ट्रैफिक पुलिस ने कार का 5,500 रुपये का चालान काट दिया।

Instagram वीडियो देखकर आया आइडिया

आदित्य ने बताया कि उसकी गर्लफ्रेंड ने Instagram पर एक विदेशी ट्रेंड से जुड़ा वीडियो देखा था। वीडियो देखने के बाद उसके मन में भी अपनी तरह से ऐसा कुछ करने का विचार आया।

इसके बाद उसने आदित्य की कार पर लिपस्टिक से Kiss Marks बनाने शुरू किए। यह काम कुछ मिनटों का नहीं था। करीब 3:30 घंटे तक कार पर लिपस्टिक से निशान बनाए गए। इस दौरान कई लिपस्टिक भी खत्म हो गईं।

सड़क पर निकली तो लोगों की नजरें टिक गईं

लिपस्टिक के निशानों से ढकी कार जब शहर की सड़कों पर पहुंची तो राह चलते लोग उसे देखकर हैरान रह गए। कार पर इतनी बड़ी संख्या में Kiss Marks थे कि वह दूर से ही अलग नजर आ रही थी।

मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। सड़क पर इस तरह की कार देखकर ट्रैफिक पुलिस ने उसे रोक लिया। इसके बाद कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की गई।

पुलिस ने काटा 5500 रुपये का चालान

गोला का मंदिर ट्रैफिक थाना पुलिस ने कार को रोककर कार्रवाई की और 5,500 रुपये का चालान काट दिया। इसके बाद आदित्य को कार लेकर थाने से निकलने से पहले उसे साफ करना पड़ा।

पुलिस की कार्रवाई के बाद आदित्य कई घंटों तक कपड़े से कार को घिस-घिसकर साफ करता रहा। कार पर बने 3,400 के करीब लिपस्टिक के निशानों को हटाना उसके लिए किसी सफाई अभियान से कम नहीं था।

काली फिल्म भी हटवाई गई

कार पर सिर्फ Kiss Marks ही पुलिस की नजर में नहीं आए। कार के शीशों पर काली फिल्म भी लगी हुई थी। पुलिस ने थाने में ही आदित्य से कार की शीशों पर लगी फिल्म हटवाई।

इसके बाद कार को साफ किया गया और काली फिल्म भी हटाई गई। पूरी कार्रवाई और सफाई के बाद ही कार को थाने से जाने दिया गया।