छात्रों का आरोप, शिक्षक-शिक्षिका बंद कमरे में करते थे बातें, गेस्ट टीचर हटे

chhindwara-school-teacher-complaint-guest-teachers-removed
संजीव पॉल
संजीव पॉल

छिंदवाड़ा: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के बीचबहरी स्थित शासकीय माध्यमिक शाला में शिक्षक और शिक्षिका के प्रेमी प्रेमिका जैसे आचरण को लेकर छात्र-छात्राओं की शिकायत के बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि स्कूल में पढ़ाने के बजाय एक शिक्षक और शिक्षिका आपस में निजी बातचीत करते थे और कई बार कक्षा के दरवाजे-खिड़कियां बंद कर लेते थे।

शिकायत सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने तीन सदस्यीय जांच दल गठित किया। टीम ने स्कूल पहुंचकर छात्र-छात्राओं के बयान लिए। जांच के बाद जिला प्रशासन के निर्देश पर स्कूल में तैनात सभी अतिथि शिक्षक-शिक्षिकाओं को हटा दिया गया है।

टॉयलेट को लेकर भी लगाया आरोप

छात्राओं ने जांच के दौरान शिक्षक और शिक्षिका के आचरण को लेकर कई आरोप लगाए। विद्यार्थियों का कहना है कि एक बार शिक्षिका के टॉयलेट जाने के बाद संबंधित शिक्षक भी उनके पीछे वहां पहुंच गया था। छात्रों का दावा है कि जिन विद्यार्थियों ने दोनों को एक साथ देखा, उन्हें शिक्षक ने धमकाया।

वहीँ शिक्षिका ने छात्रों द्वारा लगाए गए आरोपों का विरोध किया है।

बंद कमरे में बैठने का आरोप

विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि शिक्षक और शिक्षिका स्कूल में एक कमरे के भीतर बैठकर निजी और प्रेम संबंधों से जुड़ी बातें करते थे। इस दौरान कमरे के दरवाजे और खिड़कियां बंद कर लेने की बात भी छात्रों ने कही।

छात्रों का यह भी आरोप है कि दोनों शिक्षक स्कूल में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते रहते थे और नियमित रूप से पढ़ाई पर ध्यान नहीं देते थे। विद्यार्थियों के मुताबिक, कई बार उन्हें निर्धारित समय से पहले ही घर भेज दिया जाता था।

15 अगस्त को ग्राम सभा में उठाया मामला

विद्यार्थियों ने सबसे पहले अपने परिजनों को इस बारे में जानकारी दी। इसके बाद 15 अगस्त को ग्राम सभा के दौरान छात्रों ने मामला सार्वजनिक रूप से उठाया और विरोध दर्ज कराया। शिकायत का वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया, जिसके बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया।

विभाग की ओर से गठित तीन सदस्यीय जांच दल ने स्कूल पहुंचकर विद्यार्थियों से पूछताछ की और उनके बयान दर्ज किए।

सभी अतिथि शिक्षक हटाए गए

विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) ओपी जोशी के मुताबिक, छात्राओं की शिकायत में स्कूल के शिक्षकों के आचरण को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए थे। मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति बनाई गई थी, जिसने स्कूल जाकर जांच की और छात्र-छात्राओं के बयान लिए।

बीईओ ने बताया कि जिला प्रशासन के आदेश के बाद स्कूल में कार्यरत सभी अतिथि शिक्षक-शिक्षिकाओं को हटा दिया गया है। स्कूल में नए अतिथि शिक्षक और शिक्षिकाओं की नियुक्ति के लिए विज्ञापन भी जारी किए गए हैं।