संगीत सोम का अखिलेश पर हमला, कहा- ‘उनके अंदर औरंगजेब की आत्मा’

sangeet som
Saima Siddiqui
Saima Siddiqui

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता और पूर्व विधायक संगीत सोम ने समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जोरदार जुबानी हमला बोला है। संगीत सोम ने अखिलेश यादव पर ‘औरंगजेब की मानसिकता’ रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके अंदर मुगल शासक के विचार समा चुके हैं और वे इस तुष्टिकरण की राजनीति से बाहर नहीं आना चाहते।

पिता और चाचा के साथ व्यवहार पर उठाए सवाल

पूर्व विधायक ने अखिलेश यादव के पारिवारिक रिश्तों को लेकर तीखे आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जिस तरह औरंगजेब ने सत्ता के लिए अपने पिता को कैद कर लिया था, उसी तरह अखिलेश ने भी अपने पिता मुलायम सिंह यादव और चाचा शिवपाल यादव के साथ बर्ताव किया। संगीत सोम के मुताबिक, शिवपाल यादव ने अखिलेश को बचपन में गोद में खिलाया, उनकी परवरिश की और शादी कराई, इसके बावजूद उन्हें प्रताड़ना झेलनी पड़ी।

सोम ने यह भी दावा किया कि सपा के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव के घर पर 24 घंटे सर्विलांस रहता है और उनके मिलने-जुलने वालों की पूरी निगरानी की जाती है।

‘डिंपल यादव के अपमान पर भी खामोश रहे’

अखिलेश यादव पर अपनी कथित मुगल मानसिकता के चलते तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए भाजपा नेता ने सांसद डिंपल यादव से जुड़ा एक मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि जब एक मौलाना ने डिंपल यादव के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, तब अखिलेश खामोश रहे, जबकि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने इसका मुखर विरोध किया था। सोम ने कहा कि डिंपल यादव उत्तर प्रदेश की बेटी और बहू हैं, और उनका अपमान भाजपा कार्यकर्ता बर्दाश्त नहीं करेंगे।

मीडिया पर भड़कने को बताया मानसिकता का परिणाम

संगीत सोम ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव अपनी पत्नी या राज्य की किसी भी बहन-बेटी के सम्मान के साथ खिलवाड़ होने पर कोई कड़ा रुख नहीं अपनाते। पत्रकारों के सवालों पर अखिलेश यादव के अक्सर भड़क जाने को भी संगीत सोम ने इसी ‘औरंगजेब मानसिकता’ का सीधा परिणाम बताया है।