अंकित बिढान बने पंजाब यूनिवर्सिटी के अध्यक्ष, AAP-CON की परेशानी बढ़ी ?

चंडीगढ़: पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस स्टूडेंट्स काउंसिल (PUCSC) के चुनाव नतीजों ने पंजाब और इस क्षेत्र की छात्र राजनीति में एक नया इतिहास रच दिया है। अध्यक्ष पद के लिए हुए कड़े मुकाबले में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के प्रत्याशी अंकित बिढान ने शानदार जीत दर्ज की है। पंजाब यूनिवर्सिटी के इतिहास में यह दूसरा मौका है जब ABVP ने लगातार दो बार प्रेसिडेंट पद की कुर्सी पर अपना परचम फहराया है। इस चुनाव परिणाम को पंजाब की मुख्यधारा की राजनीति और खासकर सत्तारूढ़ दल के लिए एक बड़े संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
अंकित बिढान ने दर्ज की 512 वोटों से जीत
अध्यक्ष पद की रेस में ABVP के अंकित बिढान ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और आम आदमी पार्टी (AAP) समर्थित ‘असोसिएशन ऑफ स्टूडेंट्स
फॉर अल्टरनेटिव पॉलिटिक्स’ (ASAP) के प्रत्याशी आदिल बराड़ को 512 वोटों के अंतर से हराया। अंकित को कुल 3,149 वोट मिले, जबकि आदिल बराड़ 2,637 वोटों पर सिमट गए। जीत की घोषणा के बाद समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जमकर जश्न मनाया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष अंकित बिढान हरियाणा के जींद जिले के रहने वाले हैं और पीयू के सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ सोशल इंक्लूजन से रिसर्च स्कॉलर हैं।
AAP और कांग्रेस के छात्र संगठनों का निराशाजनक प्रदर्शन
राज्य में आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार होने के बावजूद उसकी छात्र इकाई ASAP इस चुनाव में कोई बड़ा प्रभाव नहीं छोड़ सकी। वहीं दूसरी ओर, कांग्रेस के छात्र संगठन NSUI के लिए भी यह चुनाव बेहद निराशाजनक रहा। NSUI के उम्मीदवार गुरनाम सिंह सिद्धू 2,263 वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहे और काउंसिल के बाकी पदों पर भी पार्टी को सफलता नहीं मिली। विश्लेषकों का मानना है कि पंजाब विधानसभा चुनावों से ठीक पहले आया यह परिणाम युवाओं के बदलते रुख को दर्शाता है।
SOI के समर्थन ने पलटा पूरा गेम
इस चुनाव में ABVP की जीत के पीछे सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट शिरोमणि अकाली दल (SAD) के छात्र संगठन ‘स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन ऑफ इंडिया’ (SOI) का समर्थन रहा। चुनाव से ठीक पहले SOI ने ABVP उम्मीदवार को खुला समर्थन देने का ऐलान किया था। इस राजनीतिक तालमेल और जातियों के समीकरण ने ABVP के पक्ष में माहौल पूरी तरह मजबूत कर दिया।
काउंसिल के अन्य पदों पर कौन जीता?
-
उपाध्यक्ष (Vice-President): ‘पंजाब यूनिवर्सिटी डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स फेडरेशन’ के अरमान सिंह भिंडर (3,322 वोट) ने जीत दर्ज की।
-
महासचिव (Secretary): निर्दलीय उम्मीदवार ध्यान सिंह (समीर) ने सबसे ज्यादा 4,045 वोट हासिल कर सबको चौंका दिया।
-
सह-सचिव (Joint Secretary): UIAMS के छात्र और निर्दलीय प्रत्याशी विशाल बामल ने 3,506 वोट पाकर जीत हासिल की।
सुबह मतदान के दौरान लॉ डिपार्टमेंट में कुछ देर के लिए हंगामा और तनाव की स्थिति भी बनी, जिसे डीएसडब्ल्यू (DSW) के हस्तक्षेप और सीसीटीवी फुटेज जांच के आश्वासन के बाद शांत कराया गया। पीयू के अलावा चंडीगढ़ के 9 प्रमुख कॉलेजों में भी छात्र संघ चुनाव के नतीजे आए हैं, जहां कई जगहों पर गठबंधनों और निर्दलीय उम्मीदवारों ने बाजी मारी है।
