403 सीटें, चंद्रशेखर CM फेस और ओवैसी का साथ, नए समीकरण की शुरुआत

owisi
गौरव त्रिपाठी
गौरव त्रिपाठी

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राज्य की सियासत में एक नए गठबंधन की एंट्री हो गई है। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने लखनऊ में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नए गठबंधन का ऐलान किया। दोनों नेताओं ने अपने इस नए गठबंधन का नाम ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ रखा है।

चंद्रशेखर आजाद ने स्पष्ट किया कि यह मोर्चा प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगा।

‘यह तीसरा मोर्चा नहीं, पहला मोर्चा है’

लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में चंद्रशेखर आजाद ने कहा, “जो तस्वीर आज आपके सामने है, इसका नाम सामाजिक परिवर्तन मोर्चा है। अभी इसमें दो पार्टियां हैं- आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और AIMIM। यह तीसरा मोर्चा नहीं है, यह सामाजिक परिवर्तन मोर्चा है और यह पहला मोर्चा है। यह एक मजबूत मोर्चा बनेगा।”

उन्होंने बहुजन समाज की स्थिति पर बात करते हुए कहा कि जिन लोगों ने उन्हें मुख्यधारा में लाने की बात कही थी, उन्होंने धोखा दिया है। आज भी बहुजन समाज बुनियादी सुविधाओं से काफी दूर है।

बीजेपी पर निशाना, कहा- अब अपमान का घूंट नहीं पीना

आजाद ने कहा कि उनका गठबंधन 100 या 150 सीटों पर नहीं, बल्कि यूपी की पूरी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगा। बीजेपी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “वादा किया गया था कि भाजपा को उखाड़ देंगे। हमने 2014 से लेकर 2024 तक इंतजार किया, लेकिन भाजपा हटी नहीं बल्कि और मजबूत हो गई है। जो दलित और वंचित समाज अब तक अपमान का घूंट पी रहा है, उसे अब यह घूंट नहीं पीना है।”

अखिलेश और राहुल गांधी को दिया खुला न्योता

चंद्रशेखर आजाद ने समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस को भी अपने गठबंधन में शामिल होने का खुला निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि बीजेपी को हराने के लिए एक बड़े गठबंधन की जरूरत है।

आजाद ने बिना नाम लिए कुछ दलों पर निशाना साधते हुए कहा, “बड़ा एलायंस बनना चाहिए। हमने प्रयास किया लेकिन अहंकार और महत्वाकांक्षा में डूबे लोग किसी की वकार (महत्व) नहीं समझते। मैं फिर भी ऑफर दूंगा, अगर सपा और कांग्रेस इस अलायंस में शामिल होकर भाजपा को हराना चाहें, तो हम उनके साथ हैं।”

इस नए मोर्चे के गठन के बाद अब यूपी की चुनावी राजनीति में हलचल तेज हो गई है। देखना दिलचस्प होगा कि ओवैसी और चंद्रशेखर की यह जोड़ी 2027 के विधानसभा चुनाव में मौजूदा समीकरणों को किस हद तक प्रभावित कर पाती है।