अरामको टावर पर हूती हमले से हड़कंप, सऊदी प्रिंस पहुंचे घटनास्थल

uae
अजमल शाह
अजमल शाह

यमन के हूती विद्रोहियों (Houthi Rebels) द्वारा सऊदी अरब (Saudi Arabia) पर हमले लगातार तेज हो रहे हैं। ताजा घटनाक्रम में राजधानी रियाद (Riyadh) स्थित सऊदी अरामको (Saudi Aramco) की एक प्रशासनिक इमारत को निशाना बनाया गया है। हमले के बाद रियाद क्षेत्र के डिप्टी गवर्नर प्रिंस मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान बिन अब्दुलअजीज ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया।

सऊदी प्रेस एजेंसी (SPA) की रिपोर्ट के अनुसार, इस हमले में नागरिक उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल होने वाली अरामको की इमारत को मामूली नुकसान पहुंचा है।

‘जानबूझकर नागरिक ठिकानों को बनाया जा रहा निशाना’

क्षतिग्रस्त इमारत का मुआयना करने के बाद प्रिंस मोहम्मद ने कहा कि यह हमला इस बात की पुष्टि करता है कि हूती विद्रोही जानबूझकर नागरिक ठिकानों को निशाना बना रहे हैं।

दौरे के दौरान अरामको और रियाद प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने डिप्टी गवर्नर को हमले के बाद उठाए गए सुरक्षा कदमों की जानकारी दी। प्रिंस ने निर्देश दिया कि कंपनी के कर्मचारियों को उनका काम सुचारू रूप से जारी रखने के लिए हर संभव जरूरी मदद मुहैया कराई जाए।

उन्होंने इस स्थिति से निपटने में नागरिक, सैन्य और सुरक्षा कर्मियों के काम की सराहना की। साथ ही, किसी भी खतरे का मुकाबला करने के लिए सऊदी बलों की मुस्तैदी और राष्ट्रीय एकता की भावना की भी तारीफ की।

हवा में ही नाकाम की गईं मिसाइलें

यह हमला ऐसे समय हुआ है जब हूतियों ने सऊदी अरब पर आक्रामकता बढ़ा दी है। मंगलवार को ही सऊदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने बताया कि उसने रियाद की ओर दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल (Ballistic Missile) और एक क्रूज मिसाइल को हवा में ही इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया है।

गठबंधन ने एक अलग बयान में यह भी साफ किया कि देश के पूर्वी प्रांत (Eastern Province) में भी एक ड्रोन को मार गिराया गया है।

एहतियातन रियाद के स्कूल ऑनलाइन शिफ्ट

लगातार बढ़ते हमलों के खतरे को देखते हुए रियाद के स्कूलों में एहतियातन फिजिकल कक्षाएं बंद कर दी गई हैं। प्रशासन की तरफ से अभिभावकों को भेजे गए संदेश में कहा गया है कि सुरक्षा उपायों के तहत अब कक्षाएं ऑनलाइन (Online Classes) आयोजित की जाएंगी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि यह व्यवस्था कब तक लागू रहेगी।

सिविल डिफेंस की सख्त चेतावनी- ‘वीडियो बनाया तो कार्रवाई’

सऊदी सिविल डिफेंस (Saudi Civil Defence) ने स्थानीय निवासियों के लिए सख्त एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से आधिकारिक निर्देशों का पालन करने और उन जगहों के आसपास इकट्ठा न होने की अपील की है, जहां मिसाइल या ड्रोन के मलबे गिरे हैं।

नागरिक सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि हमला प्रभावित इलाकों की वीडियोग्राफी करने या फुटेज साझा करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।