बंगाल सरकार में मिथुन चक्रवर्ती की बड़ी एंट्री, मिला कैबिनेट मंत्री का दर्जा

पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार (7 अक्टूबर, 2026) को दिग्गज अभिनेता और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता मिथुन चक्रवर्ती को राज्य सरकार में एक बड़ी और अहम जिम्मेदारी सौंपी है। सीएम शुभेंदु अधिकारी ने मिथुन चक्रवर्ती को पश्चिम बंगाल सरकार के ‘सूचना और सांस्कृतिक मामलों के विभाग’ (Information and Cultural Affairs Department) में सलाहकार (Adviser) के तौर पर नियुक्त किया है। इस पद के साथ उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा भी दिया गया है।
राज्य सरकार ने जारी की आधिकारिक अधिसूचना
राज्य सरकार के कार्मिक और प्रशासनिक सुधार विभाग की ओर से इस नियुक्ति को लेकर आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है।
अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है, “राज्यपाल को यह आदेश देते हुए बहुत खुशी हो रही है कि मिथुन चक्रवर्ती को तत्काल प्रभाव से और अगले आदेश तक सूचना और सांस्कृतिक मामलों के विभाग में कैबिनेट मंत्री के पद के बराबर दर्जे पर पश्चिम बंगाल सरकार का सलाहकार नियुक्त किया जाता है।” साथ ही यह भी बताया गया कि यह आदेश सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति से जनहित में जारी किया गया है।
सीएम शुभेंदु अधिकारी के अधीन है विभाग
पश्चिम बंगाल सरकार का सूचना और सांस्कृतिक मामलों का विभाग सीधे तौर पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के अधीन आता है। अब इसी विभाग में मिथुन चक्रवर्ती कैबिनेट मंत्री के दर्जे के साथ अपनी सेवाएं देंगे।
इस नियुक्ति की आधिकारिक घोषणा मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दिग्गज बंगाली फिल्म अभिनेता उत्तम कुमार के जन्म शताब्दी समारोह से जुड़े एक कार्यक्रम के दौरान की थी। माना जा रहा है कि यह कदम राज्य सरकार द्वारा पश्चिम बंगाल की फिल्म विरासत को बढ़ावा देने और राज्य को फिर से एक प्रमुख सांस्कृतिक और सिनेमाई केंद्र के रूप में स्थापित करने की रणनीति का हिस्सा है।
BJP के बड़े सेलिब्रिटी फेस हैं मिथुन चक्रवर्ती
भारतीय सिनेमा जगत के जाने-माने नामों में शुमार मिथुन चक्रवर्ती पश्चिम बंगाल में BJP के एक प्रमुख राजनीतिक चेहरे और स्टार प्रचारक रहे हैं। इस नियुक्ति के जरिए उन्हें राज्य सरकार के कामकाज में औपचारिक रूप से एक बड़ी भूमिका दी गई है।

