10 मैचों में सिर्फ एक जीत, कैरिक की छुट्टी; अब पोचेटिनो संभालेंगे मैन यूनाइटेड?

इंग्लिश फुटबॉल क्लब मैनचेस्टर यूनाइटेड (Manchester United) ने खराब प्रदर्शन के चलते अपने 45 वर्षीय मैनेजर माइकल कैरिक (Michael Carrick) को पद से हटा दिया है। कैरिक की विदाई की अटकलें लंबे समय से लगाई जा रही थीं। अब उम्मीद है कि मौरिसियो पोचेटिनो (Mauricio Pochettino) क्लब की जिम्मेदारी संभालेंगे।
क्लब ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कैरिक की विदाई की पुष्टि की है। मैनचेस्टर यूनाइटेड ने कहा, “क्लब इस बात की पुष्टि करता है कि माइकल कैरिक ने मेंस फर्स्ट-टीम हेड कोच के पद से इस्तीफा दे दिया है। सीज़न की निराशाजनक शुरुआत के बाद, क्लब बेहद मुश्किल फैसले पर पहुंचा है कि हमारी महत्वाकांक्षाओं को हासिल करने के लिए यह बदलाव जरूरी है।”
कैसे शुरू हुआ था कैरिक का सफर?
पिछले सीज़न में अंतरिम मैनेजर (interim manager) के तौर पर टीम को प्रीमियर लीग में शानदार तरीके से तीसरे स्थान पर पहुंचाने के बाद, कैरिक को इस सीज़न की शुरुआत में ओल्ड ट्रैफर्ड में स्थायी कॉन्ट्रैक्ट पर हेड कोच नियुक्त किया गया था। लेकिन, मौजूदा सीज़न मैनचेस्टर यूनाइटेड के लिए बेहद खराब साबित हुआ और हाल के हफ्तों में भी टीम के प्रदर्शन में कोई सुधार नहीं दिखा।
प्रीमियर लीग में डिमोशन का खतरा
मैनचेस्टर यूनाइटेड की हालत फिलहाल काफी पतली है। इंग्लिश दिग्गज टीम इस समय प्रीमियर लीग (Premier League) में 18वें स्थान पर है, जो डिमोशन (relegation) लाइन से भी नीचे है। वहीं, चैंपियंस लीग (Champions League) में 36 टीमों में टीम 17वें स्थान पर संघर्ष कर रही है।
मौरिसियो पोचेटिनो की एंट्री तय?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘द रेड डेविल्स’ (मैनचेस्टर यूनाइटेड) का कुछ समय से मौरिसियो पोचेटिनो के साथ व्यक्तिगत समझौता हो चुका है। पोचेटिनो फिलहाल 2030 के मध्य तक अमेरिकी फेडरेशन के साथ कॉन्ट्रैक्ट में हैं, लेकिन उनके कॉन्ट्रैक्ट में करीब 9 मिलियन यूरो (90 लाख यूरो) का रिलीज क्लॉज है। माना जा रहा है कि मैनचेस्टर यूनाइटेड जल्द ही इस डील को पूरा कर सकती है। पोचेटिनो 22 नवंबर को एनफील्ड में लिवरपूल के खिलाफ क्लब के मैनेजर के रूप में अपना डेब्यू कर सकते हैं।
कहां हुई कैरिक से चूक?
प्रीमियर लीग सीजन के पहले ही वीकेंड में यूनाइटेड को नई प्रमोट हुई टीम हल सिटी (Hull City) के खिलाफ 2-0 से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद उन्होंने ओल्ड ट्रैफर्ड में इप्सविच टाउन पर 5-2 से जीत दर्ज की, लेकिन पहले 10 मैचों में यह उनकी एकमात्र लीग जीत साबित हुई।
एवर्टन, फुलहम, टोटेनहम और लीड्स यूनाइटेड के खिलाफ ड्रॉ के बाद मैनचेस्टर सिटी, बोर्नमाउथ और चेल्सी से हार का सामना करना पड़ा। उनका सबसे हालिया मैच एस्टन विला के साथ 4-4 से ड्रॉ रहा था।
खराब घरेलू फॉर्म का असर कप प्रतियोगिताओं में भी दिखा। यूनाइटेड काराबाओ कप के तीसरे राउंड में ब्राइटन से हारकर बाहर हो गई। वहीं, चैंपियंस लीग में कोमो (Como) से उन्हें 4-1 की करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। हालांकि, पिछले यूरोपीय मुकाबले में उन्होंने रोमा पर 3-2 से जीत दर्ज की थी, लेकिन टीम अभी भी 17वें स्थान पर ही है।

