पश्चिम बंगाल: ममता बनर्जी की भतीजी बृष्टि मुखर्जी ने की आत्महत्या

MAMTA
साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की भतीजी बृष्टि मुखर्जी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। 1 सितंबर 2026 की सुबह उनका शव बीरभूम जिले के रामपुरहाट पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कुसुम्बा गांव स्थित उनके घर में फंदे से लटका हुआ पाया गया।

बृष्टि मुखर्जी ममता बनर्जी के चचेरे भाई निहार मुखर्जी की बेटी थीं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

शिक्षक भर्ती विवाद में गई थी नौकरी

बृष्टि मुखर्जी पिछले कुछ समय से पेशेवर और निजी स्तर पर भारी दबाव का सामना कर रही थीं। उन पर राज्य की प्राथमिक शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में अनियमितता और धांधली कर नौकरी हासिल करने का आरोप लगा था। इस मामले में हुई जांच के दौरान उनकी नौकरी भी छिन गई थी।

तलाक की चल रही थी कानूनी कार्यवाही

नौकरी जाने के अलावा उनका पारिवारिक जीवन भी मुश्किलों से गुजर रहा था। बृष्टि और उनके पति के बीच विवाद चल रहा था और दोनों की हाल ही में तलाक की कानूनी कार्यवाही भी शुरू हो गई थी। पुलिस इन दोनों ही पहलुओं—नौकरी जाने के अवसाद और पारिवारिक कलह—को आत्महत्या के संभावित कारणों से जोड़कर देख रही है।

घर की पहली मंजिल पर मिला शव

रामपुरहाट पुलिस ने बताया कि 1 सितंबर की सुबह करीब 9 बजे परिवार को बृष्टि का शव घर की ऊपरी (पहली) मंजिल के एक कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और शव को फंदे से नीचे उतारा। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया है।

कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं

पुलिस ने घटनास्थल और कमरे की बारीकी से तलाशी ली है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मौके से अब तक कोई सुसाइड नोट या अन्य कोई ऐसा सबूत बरामद नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि वे इस मामले में आत्महत्या के पीछे की हर संभव वजह और एंगल की गहनता से जांच कर रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।