लखनऊ एयरपोर्ट पर 1.67 करोड़ का गांजा जब्त, तस्कर गिरफ्तार

lucknow
महेंद्र सिंह
महेंद्र सिंह

लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी और अहम कार्रवाई को अंजाम दिया है। AIU की टीम ने एक संदिग्ध यात्री के पास से 1.677 किलोग्राम ‘हाइड्रोपोनिक गांजा’ (Hydroponic Weed) बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1.67 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस और जांच एजेंसियों ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, आरोपी यात्री बैंकॉक से अपनी यात्रा शुरू कर ओमान एयर की फ्लाइट (WY-265) के जरिए मस्कट होते हुए शुक्रवार सुबह लखनऊ पहुंचा था। AIU को इस संदिग्ध यात्री और उसके सामान को लेकर पहले से ही पुख्ता खुफिया इनपुट मिल चुका था। जैसे ही विमान ने लखनऊ में लैंड किया, टीम ने यात्री पर अपनी पैनी नजर रखनी शुरू कर दी और उसे रोककर जांच की गई।

सी-फूड के टिन में शातिराना तरीके से छिपाया था गांजा

सुरक्षा जांच के दौरान जब यात्री के बैग की गहन तलाशी ली गई, तो उसमें रखे सी-फूड (Sea Food) के टिन के डिब्बों ने अधिकारियों का ध्यान अपनी ओर खींचा। संदेह के आधार पर जब इन डिब्बों को खुलवाया गया, तो भीतर शातिराना अंदाज में छिपाकर रखा गया मादक पदार्थ बरामद हुआ। जांच में इसकी शिनाख्त उच्च गुणवत्ता वाले हाइड्रोपोनिक गांजे के रूप में हुई।

अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क खंगाल रही एजेंसियां

AIU ने मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल जांच एजेंसियां बैंकॉक से मस्कट और फिर लखनऊ तक जुड़े इस पूरे तस्करी नेटवर्क की गहराई से पड़ताल कर रही हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतनी भारी कीमत का यह विदेशी गांजा लखनऊ में किस लोकल डीलर को सौंपा जाना था। अधिकारियों को उम्मीद है कि आरोपी से पूछताछ में अंतरराष्ट्रीय गिरोह और स्थानीय रिसीवर से जुड़े कई अहम सुराग हाथ लग सकते हैं।