चुनावी झटके के बाद ट्रंप पर इंटरनेट का हमला, शेयर किए मजेदार मीम्स

trump
Saima Siddiqui
Saima Siddiqui

अमेरिका के मध्यावधि (Midterm) चुनावों में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी रिपब्लिकन पार्टी को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है। विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी ने सीनेट के साथ-साथ हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स (प्रतिनिधि सभा) में भी बहुमत हासिल कर लिया है। कंसास में तो डेमोक्रेट्स ने करीब 100 साल का सूखा खत्म करते हुए ऐतिहासिक जीत दर्ज की है, जहां आखिरी बार 1932 में कोई डेमोक्रेट सीनेटर चुना गया था।

इस चुनावी झटके के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर मीम्स की बाढ़ आ गई है, और इन मीम्स के केंद्र में मुख्य रूप से राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ही नजर आ रहे हैं।

ट्रंप को डस्टबिन में फेंकने वाले मीम्स वायरल

सोशल मीडिया पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से जुड़ा एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग उन्हें गोद में उठाकर डस्टबिन में डालते हुए दिखाई दे रहे हैं। खास बात यह है कि इस मीम को ‘ईरान इन इंडिया’ के आधिकारिक एक्स (X) पेज से भी शेयर किया गया है। इसके अलावा कई अन्य यूजर्स ने भी इस वीडियो को अपने अकाउंट पर शेयर किया है।

विजुअल जोक्स और तस्वीरों के जरिए भी ट्रंप पर तंज कसे जा रहे हैं। ‘स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी’ की एक वायरल तस्वीर में फहराए गए झंडे पर लिखा है— ‘मेक अमेरिका ट्रंपलेस अगेन’। यह नारा ट्रंप के मशहूर चुनावी स्लोगन ‘मेक अमेरिका ग्रेट अगेन’ की तर्ज पर बनाया गया है। एक अन्य तस्वीर में ट्रंप को स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी से गुलेल के जरिए उड़ाते हुए दिखाया गया है।

इसके अलावा, एक और फनी मीम वीडियो भी चर्चा में है, जिसमें रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन सीढ़ी से फिसलते हुए नीचे उतरते दिख रहे हैं और उनकी नकल करने के चक्कर में ट्रंप फिसलकर सीधे डस्टबिन में जा गिरते हैं।

एक नजर में अमेरिकी मिडटर्म चुनाव के परिणाम

  • हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स: प्रतिनिधि सभा में कुल 435 सीटें हैं और सभी पर चुनाव हुए हैं। शुरुआती रुझानों और आंकड़ों के मुताबिक, विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी 226 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि राष्ट्रपति ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी 137 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।

  • सीनेट: उच्च सदन की 100 सीटों में से 35 सीटों पर चुनाव हुए हैं। अब तक 31 सीटों के नतीजे सामने आ चुके हैं, जिनमें डेमोक्रेट्स ने 19 और रिपब्लिकंस ने 12 सीटें जीती हैं। अन्य सीटों के नतीजों को मिलाकर डेमोक्रेटिक पार्टी के पास कुल 53 और रिपब्लिकन पार्टी के पास 43 सीटें हैं।

  • गवर्नर पद: कुल 36 राज्यों में से 26 राज्यों के नतीजे आ चुके हैं, जिनमें 17 पर डेमोक्रेट्स और 9 पर रिपब्लिकन उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। शेष 10 राज्यों में वोटों की गिनती अभी जारी है।

अंतिम परिणाम मतगणना पूरी होने के बाद ही सामने आएंगे, लेकिन शुरुआती रुझान और नतीजे साफ तौर पर यह बता रहे हैं कि अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में ट्रंप प्रशासन की नीतियों को लेकर जनता में गहरी नाराजगी है।