दिशा सालियान केस में CBI की FIR, जांच में आदित्य, सूरज और डिनो के नाम

सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने एफआईआर दर्ज कर ली है। इस महीने की शुरुआत में बंबई हाई कोर्ट ने मुंबई पुलिस की जांच प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए इस केस को सीबीआई को सौंपने का आदेश दिया था। आठ जून, 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक बिल्डिंग की 12वीं मंजिल से गिरने के कारण दिशा की मौत हुई थी। अब हाई कोर्ट के निर्देश पर सीबीआई ने औपचारिक रूप से जांच अपने हाथ में ले ली है।
पिता ने सौंपे नाम, की पूछताछ की मांग
दिशा के पिता सतीश सालियान ने सीबीआई की इस कार्रवाई को लेकर प्रतिक्रिया दी है। न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने मामले की जांच कर रहे अफसरों को बेटी की मौत से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी दे दी है। सतीश सालियान के मुताबिक, उन्होंने अधिकारियों को आदित्य, सूरज पंचोली, डिनो मोरिया और कुछ बॉडीगार्ड्स के नाम दिए हैं। उन्होंने इन सभी से पूछताछ की मांग की है।
पिता ने बताया कि अधिकारियों ने उनकी हर बात नोट की है और भरोसा दिया है कि दी गई जानकारी के आधार पर कुछ ही दिनों में ठोस कार्रवाई शुरू की जाएगी। सतीश सालियान ने विश्वास जताया कि सच की हार नहीं हो सकती और उनकी बेटी को न्याय जरूर मिलेगा।
छह साल तक FIR नहीं होने पर हाई कोर्ट की फटकार
इस मामले को मुंबई पुलिस ने अब तक केवल ‘एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट’ (ADR) के तौर पर दर्ज किया था। बंबई हाई कोर्ट की जस्टिस भारती डांगरे और जस्टिस मंजूषा देशपांडे की डिवीजन बेंच ने इसी बात पर कड़ी आपत्ति जताई थी। अदालत का कहना था कि परिवार की ओर से हत्या के आरोप लगाए जाने के बावजूद छह साल तक मामले में एफआईआर दर्ज क्यों नहीं की गई।
कोर्ट ने मुंबई पुलिस को फटकार लगाते हुए स्पष्ट किया था कि उनकी जांच से जवाब मिलने के बजाय सिर्फ नए सवाल खड़े होते हैं। अदालत ने इस बात पर भी हैरानी जताई थी कि घटना के छह साल बीत जाने के बाद भी पीड़ित परिवार को आज तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एडीआर की कॉपी नहीं सौंपी गई।
सुशांत सिंह राजपूत केस से जुड़ा है घटनाक्रम
दिशा सालियान की मौत के ठीक छह दिन बाद, 14 जून 2020 को अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत अपने अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे। दिशा ने कुछ समय तक सुशांत की मैनेजर के रूप में काम किया था, जिसके चलते दोनों घटनाओं को लगातार एक-दूसरे से जोड़कर देखा जाता रहा है।
सुशांत की मौत के मामले में भी महाराष्ट्र सरकार के आदेश पर सीबीआई जांच बैठी थी। जांच एजेंसी ने बाद में उस मामले में ‘क्लोजर रिपोर्ट’ दाखिल करते हुए सुशांत की मौत को आत्महत्या करार दिया था। हालांकि, सुशांत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति हाल ही में यह दावा कर चुकी हैं कि उनके भाई ने आत्महत्या नहीं की थी। अब दिशा सालियान केस में एफआईआर दर्ज होने के बाद जांच की दिशा एक बार फिर नए सिरे से तय होगी।
