JPNIC पर योगी का अखिलेश पर वार, ‘सरकारी खजाने पर डाका’

CM-Yogi-3
गौरव त्रिपाठी
गौरव त्रिपाठी

देवरिया: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी (SP) और अखिलेश यादव पर अब तक का सबसे तीखा प्रहार किया है। देवरिया के सलेमपुर और भाटपाररानी विधानसभा क्षेत्र में 305 करोड़ रुपये की 80 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करते हुए सीएम योगी ने सपा को ‘लूटखसोट का पर्याय’ और ‘डकैतों का गिरोह’ करार दिया।

JPNIC प्रोजेक्ट में भारी भ्रष्टाचार का आरोप

मुख्यमंत्री ने लखनऊ स्थित जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (JPNIC) के निर्माण में हुए कथित घोटाले का जिक्र करते हुए सपा सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट की शुरुआती लागत मात्र 200 करोड़ रुपये थी, लेकिन सपा सरकार ने इस पर 864 करोड़ रुपये खर्च कर दिए। इतनी भारी भरकम राशि खर्च होने के बावजूद प्रोजेक्ट अधूरा रहा। योगी ने कहा कि यह पैसा किसी ‘सैफई सिंडिकेट’ का नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता की गाढ़ी कमाई का था, जिसे पानी की तरह बहाया गया। अगर मौजूदा सरकार इसे पूरा करती तो 150-200 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आता।

‘प्राइवेट कंपनी बनाकर डकैती डालना चाहते थे अखिलेश’

सीएम योगी ने अखिलेश यादव, डिंपल यादव और धर्मेंद्र यादव का नाम लेते हुए सीधे तौर पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि सपा की मंशा सरकारी खजाने के 900-1000 करोड़ रुपये खर्च करके जेपीएनआईसी को एक प्राइवेट कंपनी को सौंपने की थी। योजना यह थी कि इसमें होटल, क्लब और जिम चलाए जाएंगे और इसकी कमाई सीधे उनके घर जाएगी। साल 2017 में सत्ता में आने के बाद बीजेपी सरकार ने इस प्रोजेक्ट को लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) को सौंप दिया और पूरे मामले की जांच कराई।

‘अपनी अय्याशी के लिए लूटा पैसा, मांगें माफी’

मुख्यमंत्री ने कड़े शब्दों में कहा कि जिस पैसे का इस्तेमाल युवाओं के रोजगार, फ्लाईओवर, इनोवेशन सेंटर और विश्वविद्यालयों के निर्माण में होना चाहिए था, उसे सपा नेताओं ने अपनी अय्याशी के लिए लूट लिया। प्रदेश के खजाने पर डकैती डालने के इस पाप के लिए सपा मुखिया को प्रदेश की जनता से खुलेआम माफी मांगनी चाहिए।

‘देख सपाई-बिटिया घबराई’

महिला सुरक्षा के मुद्दे पर पिछली सरकार को घेरते हुए योगी ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में ‘देख सपाई-बिटिया घबराई’ का नारा आम था, जिससे माता-पिता हमेशा खौफ में रहते थे। इसके अलावा, रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए शुरू की गई निशुल्क बस सेवा को लेकर भी उन्होंने अखिलेश यादव पर तंज कसा। योगी ने कहा कि सपा अध्यक्ष को सरकार की जनहितैषी योजनाओं की जानकारी ही नहीं होती और वे हड़बड़ाहट में प्रेसवार्ता कर बेबुनियाद बातें करते हैं।