CP में हलचल तेज, सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल आदेश देने से किया इनकार

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) द्वारा शुक्रवार शाम दिल्ली के कनॉट प्लेस (सीपी) स्थित सेंट्रल पार्क में आयोजित विरोध-प्रदर्शन पर तत्काल रोक लगाने से सुप्रीम कोर्ट ने इनकार कर दिया है। अदालत में दाखिल याचिका में छोटे दुकानदारों और व्यापारियों के कारोबार को होने वाले नुकसान का हवाला देते हुए अंतरिम रोक की मांग की गई थी।
सुप्रीम कोर्ट ने इस पर त्वरित आदेश पारित करने से मना करते हुए कहा, “हमें उम्मीद है कि लोग समझदारी से काम लेंगे। व्यापार से पूरा परिवार चलता है। हम इस मामले पर 26 या 27 अक्टूबर को सुनवाई करेंगे और जरूरत पड़ने पर आदेश पारित करेंगे।”
हाई कोर्ट ने भी नहीं लगाई थी रोक
सुप्रीम कोर्ट से पहले दिल्ली हाई कोर्ट ने भी 15 अक्टूबर को कनॉट प्लेस में प्रदर्शन पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था। सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता के वकील ने दलील दी थी कि कनॉट प्लेस का सेंट्रल पार्क कोई विरोध-प्रदर्शन स्थल नहीं है और इस ऐलान के कारण व्यापारियों ने दुकानें बंद करनी शुरू कर दी हैं।
उस दौरान दिल्ली पुलिस ने अदालत को आश्वस्त किया था कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और गतिविधियों को व्यवस्थित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
क्या है सीजेपी के प्रदर्शन की वजह?
सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके ने शुक्रवार शाम 5 बजे कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में ‘तिरंगा मार्च’ और सभा का आह्वान किया है। यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अभियान चला रहे पार्टी नेताओं आशुतोष रांका और सौरव दास के समर्थन में बुलाया गया है।
रांका और दास 13 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर सुरक्षा बैरिकेड फांदकर अंदर दाखिल हुए थे और तिरंगा लेकर नारेबाजी की थी। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया और अगले दिन औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद मजिस्ट्रेट ने दोनों को पांच दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
कनॉट प्लेस में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, NDMC ने बंद किया पार्क
सीजेपी के प्रदर्शन को देखते हुए नई दिल्ली का पूरा इलाका छावनी में तब्दील कर दिया गया है:
-
दिल्ली पुलिस के 6,000 से अधिक जवान और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) की 220 कंपनियां तैनात की गई हैं।
-
कमर्शियल हब के एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि सामान्य यातायात और आवाजाही पूरी तरह ठप न हो।
-
पूरे इलाके पर सीसीटीवी कैमरों से पैनी नजर रखी जा रही है।
इधर, नई दिल्ली नगर परिषद (NDMC) ने प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए शुक्रवार और शनिवार को सेंट्रल पार्क को आम जनता के लिए बंद रखने की घोषणा की है। हालांकि, दिल्ली पुलिस का कहना है कि कुछ चुनिंदा लोगों को किसी उपयुक्त जगह पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रगान गाने की औपचारिक अनुमति दी जा सकती है।

