बिलावल की ‘शादी’ का सच आया सामने, ऑस्ट्रियाई राजकुमारी से निकाह नहीं..

bilawal bhutto
Saima Siddiqui
Saima Siddiqui

सोशल मीडिया पर इन दिनों पाकिस्तान पीपल्स पार्टी (PPP) के चीफ और पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी की शादी को लेकर एक बड़ी चर्चा तेजी से फैल रही है। इंटरनेट पर यह दावा किया जा रहा है कि 38 साल के बिलावल भुट्टो यूरोप के एक शाही परिवार में निकाह करने वाले हैं। वायरल खबरों के मुताबिक, उनकी शादी ऑस्ट्रिया के आखिरी सम्राट चार्ल्स प्रथम की ग्रैंडडॉटर ग्लोरिया वॉन हैब्सबर्ग के साथ तय हुई है। हालांकि, इन तमाम अटकलों पर अब पार्टी की तरफ से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आ गई है।

कैसे उड़ी शादी की यह खबर?

इन अफवाहों को हवा तब मिली जब पाकिस्तान के राष्ट्रपति और बिलावल के पिता आसिफ अली जरदारी अचानक सात दिन के निजी दौरे पर ऑस्ट्रिया के लिए रवाना हुए। राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से 27 अगस्त को सिर्फ उनकी विदेश यात्रा की जानकारी दी गई थी, लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया गया था कि वह किस काम से और कहां जा रहे हैं।

इस गोपनीयता के चलते पाकिस्तानी मीडिया में सूत्रों के हवाले से यह दावा किया जाने लगा कि राष्ट्रपति जरदारी अपने बेटे की शादी की बात पक्की करने और उसकी तैयारियों के सिलसिले में यूरोप गए हैं। इसके बाद सोशल मीडिया पर यह खबर आग की तरह फैल गई और दुल्हन के रूप में राजकुमारी ग्लोरिया वॉन हैब्सबर्ग का नाम जोड़ा जाने लगा। कई यूजर्स ने तो यह तक दावा कर दिया कि साल 2026 के अंत तक दोनों शादी के बंधन में बंध सकते हैं।

PPP ने खारिज की खबरें, बताया बेबुनियाद

सोशल मीडिया पर चल रही इन तमाम चर्चाओं को खारिज करते हुए पाकिस्तान पीपल्स पार्टी ने इसे पूरी तरह से कोरी अफवाह करार दिया है। कराची के मेयर और वरिष्ठ पीपीपी नेता मुर्तज़ा वहाब ने इन खबरों को सिरे से नकारते हुए स्पष्ट किया कि बिलावल भुट्टो की शादी से जुड़े सभी दावे पूरी तरह झूठे और निराधार हैं। पार्टी या परिवार की तरफ से इस तरह की किसी भी सगाई या निकाह की कोई घोषणा नहीं की गई है।

बता दें कि साल 2022 में संयुक्त राष्ट्र महासभा (UN General Assembly) के दौरान एक इंटरव्यू में जब बिलावल से उनकी शादी के बारे में पूछा गया था, तो उन्होंने हंसते हुए कहा था कि वह शादी करना चाहते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा था कि जो भी लड़की उनके जीवन में आएगी, उसे पहले उनकी बहनों का दिल जीतना होगा, जिसे उन्होंने एक ‘मुश्किल काम’ बताया था। फिलहाल, ऑस्ट्रियाई राजकुमारी के साथ निकाह की चल रही सभी खबरें महज सोशल मीडिया की अफवाहें साबित हुई हैं।