बिग बॉस 20: आम्रपाली और माही विज में तीखी बहस, किचन में रो पड़ीं एक्ट्रेस

big boss
साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

सलमान खान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ के पहले ही हफ्ते में घर का माहौल पूरी तरह से गरमा गया है। शुरुआत में शो को लेकर ज्यादा उम्मीदें नहीं थीं, लेकिन अब कंटेस्टेंट्स के बीच लगातार हो रहे घमासान ने दर्शकों का ध्यान खींच लिया है। मेकर्स द्वारा जारी किए गए नए प्रोमो में भोजपुरी अभिनेत्री आम्रपाली दुबे और टीवी एक्ट्रेस माही विज के बीच तीखी बहस देखने को मिली है। विवाद इतना बढ़ गया कि माही विज कैमरे के सामने फूट-फूटकर रोने लगीं, जिसे देखकर घरवाले भी दंग रह गए।

किचन के काम और ‘ज्ञान बांटने’ से शुरू हुआ विवाद

पूरा मामला किचन की ड्यूटी से जुड़ा है। प्रोमो वीडियो के अनुसार, आम्रपाली दुबे और माही विज एक साथ किचन में काम कर रही थीं। इसी दौरान आम्रपाली ने माही पर तंज कसते हुए कहा कि लोग बिना किसी कारण के किचन में घुस जाते हैं और फालतू का ज्ञान बांटने लगते हैं। यह बात माही विज को नागवार गुजरी। उन्होंने पलटवार करते हुए चिल्लाकर कहा कि आम्रपाली उनके लिए कोई मायने नहीं रखती हैं। इसके बाद माही अपना काम बीच में ही छोड़कर किचन से बाहर निकल गईं।

‘नहीं आता मुझे खाना बनाना, मेरे घर में कुक है’

किचन से बाहर जाने के बाद भी दोनों के बीच बहस नहीं रुकी। आम्रपाली ने माही के खाना बनाने के तरीके पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब वह (माही) खाना बनाती हैं, तो लोगों के लिए पूरा नहीं पड़ता। इस टिप्पणी पर माही विज रो पड़ीं। रोते हुए उन्होंने जवाब दिया कि उन्हें खाना बनाना नहीं आता क्योंकि उनके घर में कुक है।

इस पर आम्रपाली का गुस्सा और बढ़ गया। उन्होंने दो-टूक कहा, “तुम ही चार लोग लेकर घूमो। मुझसे बहस मत करो, हम तुम्हारे नौकर नहीं हैं।” आम्रपाली ने साफ तौर पर कह दिया कि जब वह खाना पकाती हैं तो माही किचन में नहीं दिखनी चाहिए, क्योंकि वह अपने खाने में नेगेटिविटी नहीं चाहतीं।

दो गुटों में बंटा घर, 3 कंटेस्टेंट सीधे नॉमिनेट

माही विज और आम्रपाली दुबे के बीच पहले भी हल्की तकरार देखने को मिल चुकी है, लेकिन इस ताज़ा लड़ाई ने घर को दो हिस्सों में बांट दिया है। कुछ सदस्य माही विज के समर्थन में खड़े नजर आ रहे हैं, तो कुछ आम्रपाली दुबे का साथ दे रहे हैं। दूसरी तरफ, होस्ट सलमान खान ने भी घर के ‘बोरिंग’ कंटेस्टेंट्स को लेकर अपनी चुप्पी तोड़ी है और आम्रपाली दुबे से सवाल-जवाब किए हैं।

गेम के मोर्चे पर बिग बॉस ने इस हफ्ते की नॉमिनेशन प्रक्रिया में बदलाव किया है। तीन कंटेस्टेंट्स—रोहेद खान, आसिफ खान और स्काउट ओपी—को सीधे-सीधे घर से बेघर होने के लिए नॉमिनेट कर दिया गया है। अब वीकेंड का वार में ही तय होगा कि किस कंटेस्टेंट का सफर इस हफ्ते खत्म होता है।