30 हजार स्टाइपेंड की मांग, भोपाल में MBBS इंटर्न्स का प्रदर्शन; झड़प

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सोमवार को उस वक्त स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब गांधी मेडिकल कॉलेज (GMC) के एमबीबीएस इंटर्न्स अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतर आए। स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर सीएम हाउस की तरफ मार्च निकालने की जिद पर अड़े इन भावी डॉक्टरों की हमीदिया अस्पताल के बाहर तैनात पुलिस बल के साथ तीखी झड़प और धक्कामुक्की हुई। हालात बेकाबू होने पर पुलिस को वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा।
14,337 से बढ़ाकर 30,000 रुपये करने की मांग
गांधी मेडिकल कॉलेज के ये इंटर्न्स लंबे समय से अपने स्टाइपेंड में बढ़ोतरी की मांग कर रहे हैं। वर्तमान में इन छात्रों को हर महीने 14,337 रुपये मिलते हैं, जिसे बढ़ाकर 30,000 रुपये किए जाने की मांग की जा रही है।
छात्रों का कहना है कि पिछले महीने भी पूरे प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में इसे लेकर प्रदर्शन किया गया था, तब शासन स्तर पर एक महीने के भीतर स्टाइपेंड बढ़ाने का आश्वासन दिया गया था। तय समय सीमा पूरी होने के बाद भी मांग पूरी न होने से नाराज छात्रों ने अब मोर्चा खोल दिया है।
अस्पताल के गेट टूटे, वाटर कैनन का इस्तेमाल
प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए प्रशासन ने हमीदिया अस्पताल के गेटों पर भारी बैरिकेडिंग की थी। हालांकि, मुख्यमंत्री आवास जाने की जिद पर अड़े इंटर्न्स ने मुख्य गेट को तोड़ दिया और बाहर निकलने की कोशिश की। उन्हें रोकने के लिए आगे आई पुलिस के साथ छात्रों की जमकर धक्कामुक्की हुई। भीड़ को तितर-बितर करने और आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन से पानी की बौछारें कीं।
मरीजों और स्टाफ को हुई भारी परेशानी
इस जोरदार हंगामे और धरने के कारण हमीदिया अस्पताल की व्यवस्था चरमरा गई है। प्रदर्शनकारी छात्रों ने अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों का रास्ता रोक दिया। इसके अलावा, अस्पताल के अंदर मौजूद अन्य स्टाफ को भी बाहर नहीं निकलने दिया गया, जिसे लेकर वहां मौजूद लोगों और छात्रों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। अस्पताल परिसर और आसपास के इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
