चार साल बाद दिल्ली पुलिस मुख्यालय पहुंचे अमित शाह, सुरक्षा पर मंथन

त्योहारी सीजन और राजधानी में चल रहे लगातार विरोध प्रदर्शनों के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली पुलिस मुख्यालय पहुंचकर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अहम बैठक की। करीब चार घंटे तक चली इस समीक्षा बैठक में दिल्ली की कानून व्यवस्था का जायजा लिया गया और पुलिस को जरूरी निर्देश दिए गए। इस बैठक में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी शामिल रहीं। शाह चार साल बाद पुलिस मुख्यालय पहुंचे हैं।
वोटर लिस्ट के SIR पर चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन
गृह मंत्री का यह दौरा ऐसे समय में हुआ है जब छात्र संगठन और विपक्षी दल चुनाव आयोग की ओर से जारी वोटर लिस्ट के एसआईआर (SIR) को लेकर राजधानी में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। विपक्षी दलों ने इस प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। वे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। शुक्रवार को भी कई वामपंथी दलों और छात्र नेताओं ने बांग्ला साहिब गुरुद्वारे के पास मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया।
जंतर-मंतर पर भीड़ और ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी
बांग्ला साहिब गुरुद्वारे से जंतर-मंतर की ओर प्रदर्शनकारियों की भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की। दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे के बीच कई इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया। पुलिस ने यात्रियों को प्रभावित रास्तों से बचने, ट्रैफिक नियमों का पालन करने और पहले से अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी।
जामिया मिलिया इस्लामिया में 13 दिन से भूख हड़ताल
विरोध प्रदर्शनों की आंच अब यूनिवर्सिटी परिसरों तक पहुंच गई है। जामिया मिलिया इस्लामिया में पांच छात्र पिछले 13 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे हैं। इनकी मुख्य मांग जामिया मिलिया इस्लामिया स्टूडेंट्स यूनियन (छात्र संघ) को बहाल करने और यूनिवर्सिटी के चीफ प्रॉक्टर को हटाने की है। छात्रों का आरोप है कि चीफ प्रॉक्टर ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सख्त और एकतरफा कार्रवाई की है।
भूख हड़ताल पर बैठे छात्र जासिम अली खान ने यूनिवर्सिटी प्रशासन पर दमनकारी कदम उठाने का आरोप लगाते हुए छात्रों का निलंबन तुरंत रद्द करने की मांग रखी है।
1 नवंबर को रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की रैली
राजनीतिक और छात्र आंदोलनों के बीच विपक्ष ने लामबंदी तेज कर दी है। कांग्रेस सांसद जेबी माथर ने शनिवार को घोषणा की है कि कांग्रेस और ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन के अन्य सहयोगी दल मिलकर 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में एक बड़ी रैली करेंगे।

