अभिषेक बनर्जी के घर के बाहर चला बुलडोजर, बोले- आखिरी सांस तक लड़ूंगा

तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित आवास के बाहर नगर निगम और प्रशासन ने बुलडोजर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के बीच अभिषेक बनर्जी ने सख्त लहजे में कहा है कि कोई भी बुलडोजर उनकी आवाज को दबा नहीं सकता और वे अपने संकल्प से पीछे नहीं हटेंगे।
आवास के बाहर बने अस्थायी ढांचे को तोड़ा गया
गुरुवार सुबह कोलकाता के कालीघाट इलाके में स्थित अभिषेक बनर्जी के आवास के बाहर नगर निगम के कर्मचारियों ने पुलिस और केंद्रीय बलों की भारी मौजूदगी में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। घर के बाहर फुटपाथ पर बनाए गए एक अस्थायी ढांचे और लगाए गए गेट को बुलडोजर की मदद से तोड़ दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार, इस ढांचे को हटाने की तैयारी बुधवार रात से ही शुरू कर दी गई थी।
‘बुलडोजर मेरी आवाज और हौसले को नहीं तोड़ सकते’
इस कार्रवाई के दौरान अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “कितने भी बुलडोजर मेरी आवाज को दबा नहीं सकते और न ही मेरे संकल्प को तोड़ सकते हैं। मैं बांग्ला विरोधियों के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखूंगा। अपनी आखिरी सांस तक न पीछे हटूंगा और न ही एक इंच पीछे जाऊंगा।”
अभिषेक ने एक अन्य बयान में कहा, “कोई मेरा घर तोड़ सकता है, कार्यालय में तोड़फोड़ कर सकता है और मुझे झूठे मामलों में फंसा सकता है, लेकिन मेरा साहस, मानवीय भावना और विवेक नहीं छीन सकता।”
इससे पहले जुलाई महीने में भी दक्षिण 24 परगना के अमतला स्थित अभिषेक बनर्जी के एक कार्यालय के बाहर अवैध निर्माण हटाने के लिए ऐसी ही कार्रवाई की गई थी।
कोलकाता पुलिस पर जासूसी के गंभीर आरोप
बुलडोजर की इस कार्रवाई से ठीक एक दिन पहले (बुधवार को) अभिषेक बनर्जी ने कोलकाता पुलिस पर उनकी जासूसी करने का गंभीर आरोप लगाया था। एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने दावा किया था कि पुलिस अधिकारी सरकारी वाहनों का इस्तेमाल कर उनके घर और कार्यालय की निगरानी कर रहे हैं।
उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से इस मामले में हस्तक्षेप की मांग करते हुए सवाल उठाया था, “पुलिस का इस्तेमाल नागरिकों की सुरक्षा के लिए हो रहा है या सरकार से सवाल पूछने वालों को डराने के लिए?”
घर पर हमले का दावा
सांसद बनर्जी ने दावा किया था कि निगरानी किए जाने के कुछ समय बाद 7 नवंबर को कुछ उपद्रवियों ने उनके घर पर हमला भी किया था। उनका आरोप है कि घटना के इतने दिन बीत जाने के बाद भी किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है और उन्हें आशंका है कि एक और हमले की योजना बनाई जा रही है। अभिषेक ने कलकत्ता हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट को भी इस मामले में मूकदर्शक बने रहने का आरोप लगाया है।

