‘जब भाई जिंदा थे, तब हुई थी चर्चा’, NCP मर्जर पर सुप्रिया सुले ने खोला रुख

महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों (शरद पवार और अजित पवार गुट) के विलय की चल रही अटकलों और सियासी बयानबाजी के बीच बारामती से सांसद और शरद पवार गुट की नेता सुप्रिया सुले की अहम प्रतिक्रिया सामने आई है। सुले ने इन सभी चर्चाओं को सिरे से खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि उनके पास विलय का कोई प्रस्ताव नहीं आया है।
‘किन दो पार्टियों का विलय?’
विलय की चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए सुप्रिया सुले ने सवालिया लहजे में कहा, “किन दो पार्टियों का विलय? मेरे पास ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं आया है।”
एकीकरण की बातों को नकारते हुए उन्होंने आगे कहा, “किस तरह के एकीकरण की बात हो रही है, मुझे इसकी कोई जानकारी नहीं है। कौन किससे क्यों मिलता है, मैं उसमें क्यों ध्यान दूं? जिस दिन मेरा भाई (अजित पवार) गया, उसके दो दिन बाद जो घटना घटी, उसके बाद मेरे लिए यह विषय पूरी तरह से समाप्त हो गया है।”
सुले ने अतीत का जिक्र करते हुए कहा, “दादा (अजित पवार) ने हमसे उस बारे में बात की थी। पूरी दुनिया को पता था। दादा और हम क्या करने वाले थे, यह भी पता था। लेकिन भाई गया, विषय समाप्त।”
रोहित पवार ने भी विलय की खबरों को किया खारिज
सुप्रिया सुले के अलावा शरद पवार गुट के युवा विधायक रोहित पवार ने भी इन अटकलों पर अपनी स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि विलय की कोई बात नहीं हो रही है। रोहित ने स्पष्ट किया, “जब तक बीजेपी के साथ गठबंधन है, तब तक विलय का सवाल ही नहीं उठता।”
मुख्यमंत्री के बयान पर रोहित का पलटवार
रोहित पवार ने विलय को लेकर मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए एक बयान पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री का यह बयान कि उनके बिना एनसीपी के दोनों गुट फिर से एक नहीं हो सकते, सत्ता के अहंकार को दर्शाता है।”
‘विमर्श गढ़ने के लिए फैलाई जा रही हैं खबरें’
सोमवार को मुंबई में शरद पवार के आवास पर उनसे मुलाकात करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए रोहित पवार ने दावा किया कि उनकी पार्टी के भीतर विलय को लेकर ऐसी कोई बातचीत नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह की खबरें महज़ एक खास राजनीतिक विमर्श गढ़ने के लिए फैलाई जा रही हैं। रोहित ने साफ किया कि न तो पार्टी अध्यक्ष शरद पवार ने और न ही कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने कभी भी विलय या किसी गठबंधन के बारे में कोई चर्चा की है।

