हल्दी की रस्म से पहले उजड़ गई खुशियां, बेंगलुरु हादसे में दुल्हन की मौत

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु (Bengaluru) से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और एक पिता अपनी इकलौती बेटी की हल्दी रस्म (Haldi Ceremony) मनाने का बेसब्री से इंतजार कर रहा था, वही पिता अब अस्पताल की मोर्चरी (शवगृह) के बाहर खड़ा होकर बेटी के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा है।
बेंगलुरु में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में 16 नवंबर को शादी के बंधन में बंधने जा रही सॉफ्टवेयर प्रोफेशनल सिंधुश्री (Sindhushree) और उनकी 19 वर्षीय चचेरी बहन विद्या (Vidya) की मौत हो गई। दोनों बहनें शादी का आखिरी निमंत्रण पत्र (Wedding Card) देकर घर लौट रही थीं, तभी एक ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
हल्दी के दिन बेटी का अंतिम संस्कार
सिंधुश्री के पिता नंजुंदप्पा एक ऑटो-रिक्शा चालक हैं। उन्होंने रोते हुए आईएएनएस (IANS) को बताया, “आज मेरी बेटी की हल्दी की रस्म होने वाली थी और इसकी बजाय मैं उसका अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहा हूं। मेरी बेटी एक सॉफ्टवेयर प्रोफेशनल थी, जबकि मैं ऑटो चलाकर अपना गुजारा करता हूं।”
नंजुंदप्पा ने बताया कि गुरुवार को उनकी इकलौती बेटी की शादी के जश्न की शुरुआत होनी थी। घर में पारंपरिक ‘अरीशिना शास्त्र’ (हल्दी समारोह) और ‘बेले शास्त्र’ की रस्में होने वाली थीं। 15 नवंबर को वेडिंग रिसेप्शन और 16 नवंबर को मांड्या जिले के नागमंगला तालुक में मुख्य विवाह समारोह होना था।
एक आखिरी कार्ड और खत्म हो गईं खुशियां
हादसे का जिक्र करते हुए नंजुंदप्पा ने बताया कि सिंधुश्री यह कहकर घर से निकली थी कि उसे बस शादी का एक आखिरी कार्ड बांटना है। वह अपनी रिश्तेदार (चचेरी बहन) विद्या के साथ एक पड़ोसी की स्कूटी मांगकर कार्ड देने गई थी।
पिता ने रोते हुए कहा, “मैंने शादी के लिए सब कुछ खरीद लिया था। पूरा घर शादी के सामान से भरा पड़ा है, लेकिन अब सब खत्म हो गया।” विद्या, नंजुंदप्पा की बहन की बेटी थी।
हादसा कैसे हुआ?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे मैसूर रोड पर दीपांजलि नगर मेट्रो स्टेशन के पास यह हादसा हुआ। मैसूर की ओर जा रहे एक राजस्थान रजिस्टर्ड ट्रक ने उनकी स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बहनें सड़क पर गिर गईं और ट्रक के पहियों के नीचे आ गईं। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी ड्राइवर फरार
पुलिस ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद ट्रक का ड्राइवर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी ड्राइवर की तलाश जारी है।
जिस घर में कल तक शादी के गीत गूंजने वाले थे, वहां अब मातम पसरा है और परिवार विक्टोरिया अस्पताल की मोर्चरी के बाहर अपनी दो जवान बेटियों के शव लेने का इंतजार कर रहा था।

