‘मगरमच्छ के आंसू बहा रहीं सोनिया’, VHP ने किताब को लेकर मांगा माफीनामा

sonia
शालिनी तिवारी
शालिनी तिवारी

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की हाल ही में रिलीज हुई किताब ‘बिलॉन्गिंगः ए जर्नी ऑफ लव’ को लेकर राजनीतिक घमासान जारी है। 1984 के सिख दंगों पर विवाद के बाद अब विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने भी इस आत्मकथा और कांग्रेस की नीतियों को लेकर तीखा हमला बोला है।

‘बाटला हाउस पर रोईं, कश्मीर पर नहीं’

VHP के प्रवक्ता श्रीराज नायर ने सोनिया गांधी की किताब पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “सोनिया गांधी को बाटला हाउस एनकाउंटर में आतंकवादियों के मारे जाने पर रोना आ गया था, लेकिन पहलगाम से लेकर कश्मीर तक हुए हिंदुओं के नरसंहार पर उन्हें कभी रोना नहीं आया।”

अखिलेश यादव और राहुल गांधी पर तंज: ‘ये सिर्फ चुनावी हिंदू हैं’

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के परिप्रेक्ष्य में VHP प्रवक्ता ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को ‘चुनावी हिंदू’ करार दिया।

राम मंदिर दर्शन और चुनाव के समय मंदिरों के दौरों पर निशाना साधते हुए नायर ने कहा:

  • “भगवान श्रीराम के मंदिर में किसी भी हिंदू का स्वागत है, लेकिन चुनाव के वक्त खुद को हिंदू दिखाने का एक नया चलन शुरू हो गया है। राहुल गांधी भी चुनाव से पहले ही मंदिर जाते थे।”

  • “सपा वह पार्टी है जिसने राम मंदिर कभी न बन पाए, इसके लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाया। अखिलेश के पिता मुलायम सिंह यादव ने निहत्थे कारसेवकों पर गोलियां चलवाई थीं। अखिलेश को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।”

  • “यूपी की जनता जागरूक हो चुकी है और वहां फिर से हिंदू प्रेमी योगी आदित्यनाथ की सरकार आएगी।”

महाराष्ट्र में छठ गीतों के विरोध पर शिवसेना UBT को घेरा

श्रीराज नायर ने महाराष्ट्र में छठ पूजा गीतों के कथित विरोध को लेकर उद्धव ठाकरे गुट (शिवसेना UBT) और राज ठाकरे की MNS पर भी निशाना साधा।

बालासाहेब ठाकरे को याद करते हुए नायर ने कहा, “स्वर्गीय बालासाहेब ठाकरे ‘हिंदू हृदय सम्राट’ थे। उन्होंने कश्मीरी पंडितों और सभी हिंदू त्योहारों का खुलकर समर्थन किया था। बाबरी मस्जिद ढहाने पर भी वे खुलकर सामने आए थे। लेकिन आज वोट बैंक की राजनीति के लिए महाराष्ट्र में यह हिंदू विरोध शुरू हुआ है।”

नायर ने चेतावनी देते हुए कहा, “अब हिंदू समाज पूरी तरह जागरूक हो चुका है। जो लोग हिंदुओं और हिंदुत्व का विरोध करेंगे, उन्हें राजनीतिक तौर पर जमीन चाटनी पड़ेगी और हिंदू समाज उन्हें घर बैठाने का काम करेगा।”