जेन्सेन हुआंग की जगह कौन? CFO कोलेट क्रेस का नाम चर्चा में

दुनिया की सबसे बड़ी एआई चिप बनाने वाली कंपनी एनवीडिया (Nvidia) के सह-संस्थापक और सीईओ जेन्सेन हुआंग गंभीर संकट में घिर गए हैं। दो महिलाओं के साथ विवाहेतर संबंधों और सुरक्षा से जुड़े मामलों के सामने आने के बाद उनकी कुर्सी जाने की कगार पर पहुंच गई है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी का बोर्ड उनके भविष्य पर फैसला लेने के लिए मैराथन बैठकें कर रहा है। यदि हुआंग को पद से हटाया जाता है या वे इस्तीफा देते हैं, तो कंपनी की मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) कोलेट क्रेस को अंतरिम सीईओ की कमान सौंपी जा सकती है।
कौन हैं कोलेट क्रेस?
कोलेट क्रेस वर्तमान में एनवीडिया की एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) के पद पर हैं। वह सितंबर 2013 से कंपनी के साथ जुड़ी हुई हैं और तकनीकी जगत में फाइनेंस व मैनेजमेंट का उन्हें करीब 25 साल का लंबा अनुभव है।
एनवीडिया से पहले वह सिस्को (Cisco) में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट और फाइनेंस प्रमुख रह चुकी हैं। इसके अलावा, उन्होंने माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) में 13 साल काम किया और वहां सर्वर एंड टूल्स डिवीजन की CFO की जिम्मेदारी संभाली थी। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत टेक्सास इंस्ट्रूमेंट्स से की थी और उन्होंने एरिजोना यूनिवर्सिटी से फाइनेंस में ग्रेजुएशन तथा सदर्न मेथोडिस्ट यूनिवर्सिटी से MBA किया है। कंपनी के भीतर उनकी लंबी पारी और अनुभव के कारण उन्हें इस मुश्किल दौर में अंतरिम नेतृत्व के लिए सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
जेन्सेन हुआंग की कुर्सी पर क्यों आया संकट?
जेन्सेन हुआंग के सामने यह संकट दो बड़े विवादों के चलते खड़ा हुआ है। पहला मामला चीनी व्यवसायी एलिस हुआंग के साथ उनके संबंधों से जुड़ा है, जिसको लेकर अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को आशंका है कि इससे संवेदनशील जानकारियां लीक हो सकती हैं। दूसरा मामला एनवीडिया की हेल्थकेयर वाइस प्रेसिडेंट किंबर्ली पॉवेल के साथ कथित संबंधों का है, जो सीधे हुआंग को रिपोर्ट करती थीं।
इन विवादों के सामने आने के बाद कॉर्पोरेट गवर्नेंस और राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ब्लूमबर्ग और वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट्स के बाद कंपनी के शेयरों में 8 प्रतिशत से अधिक की भारी गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, हुआंग ने कर्मचारियों को ईमेल लिखकर अपनी पत्नी के प्रति बेवफाई स्वीकार की है और इसके लिए माफी भी मांगी है।
परिवार के सदस्यों की भूमिका और वेतन पैकेज
इस पूरे विवाद के बीच एनवीडिया में काम कर रहे जेन्सेन हुआंग के परिवार के सदस्यों की भूमिका पर भी चर्चा तेज हो गई है। उनकी बेटी मैडिसन हुआंग प्रोडक्ट मार्केटिंग में सीनियर डायरेक्टर हैं, जबकि उनके बेटे स्पेंसर हुआंग रोबोटिक्स बिजनेस में प्रोडक्ट मैनेजमेंट संभालते हैं। वित्त वर्ष 2026 में दोनों को 10 लाख डॉलर से अधिक का वेतन पैकेज मिला है। उनके दामाद निको कैप्रेज भी कंपनी में वाइस प्रेसिडेंट के रूप में ग्लोबल एआई इंफ्रास्ट्रक्चर का कामकाज देखते हैं। हालांकि, कंपनी की तरफ से पारिवारिक सदस्यों में से किसी को अगला सीईओ बनाने को लेकर कोई आधिकारिक योजना घोषित नहीं की गई है और फिलहाल सभी की निगाहें बोर्ड की बैठकों पर टिकी हैं।

