संतों की दो टूक: पहले माफी, फिर अयोध्या में स्वागत!

akhilesh
दीपक श्रीवास्तव

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आगामी 12 दिसंबर को परिवार सहित अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि मंदिर जाने के कार्यक्रम पर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले प्रस्तावित इस यात्रा को लेकर एक तरफ जहां अयोध्या के साधु-संतों और बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है, वहीं अखिलेश यादव ने भी अयोध्या को लेकर अपना सियासी एजेंडा साफ कर दिया है।

संतों ने उठाए सवाल, माफी की मांग

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य राज कुमार दास ने 1990 की कारसेवक गोलीबारी की घटना का हवाला देते हुए तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सनातन समुदाय अखिलेश यादव को तब तक माफ नहीं करेगा, जब तक वह अपने पिता और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में हुए कृत्यों के लिए माफी नहीं मांगते। दास ने तंज कसते हुए कहा कि यदि उन्हें मुक्ति चाहिए, तो पहले गया जाकर श्राद्ध करना चाहिए और फिर सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे अखिलेश यादव को दर्शन करने या सरयू स्नान से नहीं रोकेंगे।

वहीं, संत मोहित राज महाराज ने भी इस दौरे का विरोध करते हुए कहा कि जो लोग बाबर से लगाव रखते हैं, उन्हें राम मंदिर के बजाय उससे जुड़ी जगहों पर जाना चाहिए। महंत नृत्य गोपाल दास के शिष्य महंत कमल नयन दास ने भी इसे चुनावी नौटंकी करार देते हुए जनता से सावधान रहने की अपील की है। बीजेपी नेता पंकज चौधरी ने भी तंज कसते हुए कहा कि मंदिर जाने से पहले सपा प्रमुख को अपनी तुष्टीकरण की राजनीति पर पश्चाताप करना चाहिए।

सपा का पलटवार: ‘अयोध्या को बनाएंगे ग्लोबल कैपिटल’

आलोचनाओं के बीच अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए अयोध्या के विकास का अपना रोडमैप पेश किया है। उन्होंने वादा किया है कि यदि 2027 में समाजवादी पार्टी सत्ता में आती है, तो अयोध्या को “सनातन तीर्थयात्रा की ग्लोबल कैपिटल” के रूप में विकसित किया जाएगा।

अखिलेश ने दावा किया कि वर्तमान में अयोध्या आने वाले भक्तों और तीर्थयात्रियों की संख्या में गिरावट आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर के आसपास हुई कथित अव्यवस्थाओं और कुव्यवस्था का असर स्थानीय अर्थव्यवस्था पर पड़ा है। सपा प्रमुख ने भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार बनने पर अयोध्या की गरिमा को बहाल करते हुए स्थानीय अर्थव्यवस्था को फिर से मजबूत किया जाएगा।