आगरा से तेहरान तक दिवाली की शुभकामनाएं, ईरानी प्रतिनिधियों ने क्या कहा?

iran
अजमल शाह
अजमल शाह

प्रकाश और खुशियों का पावन पर्व ‘दिवाली’ (Diwali) केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी दुनिया में इसकी चमक और धमक साफ देखी जा सकती है। इसी कड़ी में भारत के साथ अपने सदियों पुराने सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों को याद करते हुए ईरान (Iran) ने पूरे देशवासियों को दिवाली की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।

ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह मुज्तबा खामनेई (Ayatollah Khamenei) के प्रतिनिधि डॉ. अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने आगरा में भारतीयों के लिए दुआएं मांगी, तो वहीं भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फ़तहाली ने ‘नमस्कार और शुभ दीपावली’ कहकर भारतीयों का दिल जीत लिया।

आगरा में डॉ. हकीम इलाही ने जीता दिल

उत्तर प्रदेश के आगरा में स्थित ऐतिहासिक शहीदएसालीस (Shaheed-e-Salis) की मजार पर आयोजित चार दिवसीय वार्षिक मजलिस कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालु जुटे थे। मुगल काल के दौरान शहीद हुए शहीदएसालीस की इस दरगाह पर ईरान के सुप्रीम लीडर के प्रतिनिधि डॉ. अब्दुल मजीद हकीम इलाही (Dr. Hakim Elahi) भी विशेष रूप से शामिल हुए।

विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए डॉ. हकीम इलाही ने कहा, “दिवाली खुशियों और रोशनी का त्योहार है। मैं यह दुआ करता हूं कि हर एक भारतीय हमेशा खुश रहे और भारत व ईरान दोनों देश मिलकर हमेशा तरक्की करते रहें। प्रकाश का यह त्योहार सभी के जीवन में लंबी और स्वस्थ जिंदगी लेकर आए।”

उनकी इस नेक पहल पर मजलिस के समन्वयक मिर्जा शफीक हसन शफक ने आभार जताते हुए कहा, “यह हमारे लिए बड़े फख्र की बात है कि विदेश से आए मेहमान भी भारत के राष्ट्रीय पर्व की खुशियों में शरीक हो रहे हैं और देश की तरक्की के लिए दुआएं कर रहे हैं।”

ईरानी राजदूत ने कहा- नमस्कार, शुभ दीपावली

दूसरी ओर, भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फ़तहाली (Mohammad Fathali) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर ईरानी दूतावास के आधिकारिक हैंडल से एक विशेष वीडियो संदेश जारी किया।

उन्होंने अपने संदेश की शुरुआत हिंदी में ‘नमस्कार’ के साथ की। राजदूत फ़तहाली ने कहा, “नमस्कार, मैं भारत के सभी लोगों को दिवाली के पावन अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। रोशनी का यह त्योहार अंधकार पर प्रकाश और अज्ञान पर ज्ञान की विजय का प्रतीक है। ईरान और भारत के संबंध सदियों पुराने हैं, जो हमारी साझा सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर पर आधारित हैं। मैं कामना करता हूं कि यह दिवाली आपके जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए। आप सभी को शुभ दीपावली, धन्यवाद।”

दिवाली का यह अवसर यह साबित करता है कि भारतीय संस्कृति का प्रभाव वैश्विक स्तर पर कितना मजबूत और व्यापक है। विदेशी राजनयिकों के इन संदेशों ने भारत और ईरान के ऐतिहासिक द्विपक्षीय संबंधों में एक नई जान डाल दी है।