जीत का श्रेय खुद को, हार का ठीकरा EVM पर: योगी का कांग्रेस पर हमला

cm yogi

cm yogi

गौरव त्रिपाठी
गौरव त्रिपाठी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गाजियाबाद में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस, राहुल गांधी और विपक्षी दलों (इंडिया गठबंधन) पर जमकर निशाना साधा। सीएम योगी ने कांग्रेस पर भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने और संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करने का गंभीर आरोप लगाया।

‘संस्थाओं पर टिप्पणी करना कांग्रेस की प्रवृत्ति’

सीएम योगी ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा, “कांग्रेस अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को अविश्वसनीय बनाने की साजिश रच रही है। संवैधानिक संस्थाओं पर अपमानजनक टिप्पणी करना और उन्हें कटघरे में खड़ा करना कांग्रेस की प्रवृत्ति (आदत) बन चुकी है।”

आपातकाल की याद दिलाते हुए योगी ने कहा कि जो कांग्रेस 1975 में देश पर ‘इमरजेंसी’ थोपने का पाप कर चुकी है, आज जब वह लोकतंत्र पर उपदेश देती है तो यह स्थिति बेहद हास्यास्पद लगती है।

‘हारने पर EVM को देते हैं दोष’

ईवीएम (EVM) के मुद्दे पर विपक्ष के लगातार उठ रहे सवालों पर भी सीएम योगी ने पलटवार किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “कांग्रेस और उसके सहयोगी दल जब चुनाव जीत जाते हैं, तो उसे अपना पुरुषार्थ और मेहनत बताते हैं, लेकिन जब जनता उन्हें नकार देती है और वे हार जाते हैं, तो इसका सारा दोष EVM पर मढ़ देते हैं।”

योगी ने कहा कि देश का हर नागरिक अब जागरूक हो चुका है और वह लोकतंत्र के रास्ते में रोड़े अटकाने वालों को अच्छी तरह पहचानता है।

घोटालों का जिक्र कर राहुल गांधी पर हमला

सीएम योगी ने अपने संबोधन में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भी सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बार-बार राजनीति में ‘फेल’ हो रहे हैं, फिर भी कांग्रेस देश को कटघरे में खड़ा करने से बाज नहीं आ रही है।

कांग्रेस के शासनकाल (UPA सरकार) की याद दिलाते हुए मुख्यमंत्री ने कॉमनवेल्थ गेम घोटाला, फर्टिलाइजर घोटाला, 2जी स्पेक्ट्रम घोटाला और कोयला घोटालों का जिक्र किया। योगी ने आरोप लगाया, “कांग्रेस के राज में लाखों करोड़ रुपये के घोटाले हुए। इन्होंने न सिर्फ देश को लूटा, बल्कि भारत की सुरक्षा के साथ भी खिलवाड़ किया।”

‘2014 के बाद बदल गई भारत की तस्वीर’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस से आम जनता का विश्वास पूरी तरह उठ चुका था, तब देश ने नरेंद्र मोदी पर भरोसा जताया।

योगी ने दावा किया, “2014 के बाद से भारत की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। आज हमारा देश आतंकवाद और नक्सलवाद से लगभग मुक्त हो चुका है। भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है।” उन्होंने अंत में कहा कि कांग्रेस और विपक्ष के विरोध प्रदर्शनों की असली वजह यही है कि वे पीएम मोदी के नेतृत्व में ‘नए भारत’ की वैश्विक पहचान और विकास यात्रा को हजम नहीं कर पा रहे हैं।