निर्यात मजबूत, घरेलू बाजार कमजोर, चीन की अर्थव्यवस्था में बढ़ती बेचैनी

china
Lee Chang (North East Expert)
Lee Chang 

चीन के कई प्रमुख तटीय और क्षेत्रीय प्रांतों में आर्थिक रफ्तार सुस्त पड़ने के बाद स्थानीय प्रशासन पर दबाव बढ़ता जा रहा है। राष्ट्रपति शी जिनपिंग की अध्यक्षता में हाल ही में संपन्न हुई कम्युनिस्ट पार्टी की पांचवीं प्लेनम (Plenum) में वार्षिक आर्थिक लक्ष्यों पर जोर दिए जाने के बाद, पिछड़े क्षेत्रों के अधिकारियों ने विकास को गति देने के लिए कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। चीन के शीर्ष आर्थिक ‘पावरहाउस’ माने जाने वाले फुजियान (Fujian) प्रांत में ग्रोथ रेट राष्ट्रीय औसत से पीछे छूट गई है, जिसके बाद वहां तेजी से काम करने के निर्देश दिए गए हैं।

फुजियान में विकास को लेकर कड़े निर्देश

फुजियान प्रांतीय सरकार की पार्टी सचिव गुओ निनिंग ने हाल ही में अधिकारियों की बैठक में विकास की रफ्तार तेज करने का आह्वान किया। प्रांतीय प्रकाशन ‘फुजियान डेली’ के मुताबिक, उन्होंने अधिकारियों से एक्शन मोड में आने और बिना किसी ढिलाई के काम करने को कहा है। 4.2 करोड़ की आबादी वाले इस दक्षिण-पूर्वी प्रांत का 2025 का सकल घरेलू उत्पाद (GDP) 6 ट्रिलियन युआन (लगभग 902 अरब अमेरिकी डॉलर) रहा है।

जनवरी से सितंबर के बीच फुजियान की विकास दर 3.9 प्रतिशत दर्ज की गई, जो राष्ट्रीय औसत 4.6 प्रतिशत से कम है। कैटला (CATL) और फुयाओ ग्लास (Fuyao Glass) जैसी दिग्गज विनिर्माण कंपनियों का घर होने के बावजूद, फुजियान चीन के टॉप 10 आर्थिक क्षेत्रों में इकलौता ऐसा प्रांत रहा जिसकी ग्रोथ देश के औसत से नीचे रही। इसके विपरीत, शेडोंग, झेजियांग, शंघाई और जियांग्सू जैसे शीर्ष प्रदर्शन करने वाले प्रांतों ने 5 प्रतिशत या उससे अधिक की वृद्धि दर्ज की है।

पांचवीं प्लेनम के बाद बढ़ा दबाव

बीजिंग में आयोजित पार्टी सेंट्रल कमेटी की पांचवीं प्लेनम में मुख्य रूप से अनुशासन और पार्टी नियमों पर ध्यान केंद्रित किया गया था, लेकिन यह भी स्पष्ट कर दिया गया कि देश की अर्थव्यवस्था को स्थिर विकास पथ पर बनाए रखना जरूरी है। प्लेनम के कम्युनिक में कहा गया कि 15वीं पंचवर्षीय योजना की मजबूत शुरुआत के लिए इस साल के आर्थिक लक्ष्यों और कार्यों को सफलतापूर्वक पूरा किया जाएगा। अक्टूबर में फुजियान के पार्टी चीफ के रूप में नियुक्त हुईं गुओ निनिंग ने प्लेनम के दौरान ही चौथी तिमाही में विकास को गति देने के लिए बैठकें बुलाईं। उन्होंने निवेश आकर्षित करने और प्रमुख परियोजनाओं को जल्द लॉन्च करने जैसे विशिष्ट उपाय भी साझा किए।

शान्क्सी प्रांत में भी संकट का माहौल

चीन में आर्थिक दबाव का सामना करने वाला फुजियान अकेला प्रांत नहीं है। देश के कोयला समृद्ध मध्य प्रांत शान्क्सी (Shanxi) के गवर्नर लू डोंगलाइफ ने भी ‘संकट’ के माहौल के बीच मनोबल बनाए रखने की बात कही है। पहले नौ महीनों में शान्क्सी की आर्थिक वृद्धि दर गिरकर 0.5 प्रतिशत पर आ गई थी और प्रांत मंदी के मुहाने पर खड़ा नजर आया। शान्क्सी प्रांतीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गवर्नर लू डोंगलाइफ ने सभी विभागों को तुरंत काम करने और आर्थिक प्रदर्शन सुधारने के लिए अपनी कोशिशें तेज करने का निर्देश दिया है। आंकड़ों के मुताबिक, देश के सात प्रांतों ने शुरुआती तीन तिमाहियों में 3 प्रतिशत से कम की वृद्धि दर्ज की है, जिससे स्थानीय अधिकारियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।