10 लाख भीड़ जुटाने का दावा, रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की बड़ी रैली

दिल्ली के रामलीला मैदान में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर इंडिया गठबंधन की महारैली में भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई है। विपक्षी दल कथित रूप से काटे गए वोटर्स के मुद्दे को लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ एकजुट होकर बड़ा शक्ति प्रदर्शन कर रहे हैं।
कांग्रेस का हमला: ‘ज्ञानेश कुमार के जाने की उल्टी गिनती तेज’
मैदान में उमड़ती भीड़ को लेकर कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक वीडियो पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि रैली अभी ठीक से शुरू भी नहीं हुई है और रामलीला मैदान में जनसैलाब उमड़ पड़ा है।
कांग्रेस पार्टी के आधिकारिक एक्स हैंडल से भी एक वीडियो साझा कर चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला गया। पार्टी ने दावा किया कि ज्ञानेश कुमार के जाने की उल्टी गिनती अब और तेज हो गई है। कांग्रेस ने एक बैनर का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि इसमें उन मतदाताओं के नाम हैं, जिनके वोट ‘मोदी-ज्ञानू’ ने साजिश के तहत काट दिए हैं। पार्टी के मुताबिक, आज जनता इन्हीं कटे हुए नामों की सूची लेकर रामलीला मैदान पहुंच रही है।
10 लाख लोगों के जुटने का दावा, दो विशेष मंच तैयार
इंडिया गठबंधन ने छात्रों, युवाओं, महिलाओं, श्रमिकों और नागरिक समाज के सदस्यों से इस मार्च और रैली में शामिल होने की अपील की है। कई छात्र संगठनों ने भी इस कार्यक्रम को अपना समर्थन दिया है।
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, इंडिया गठबंधन के नेताओं ने इस महारैली में 10 लाख तक लोगों के पहुंचने की उम्मीद जताई है। वहीं, दिल्ली पुलिस का अनुमान है कि मैदान में करीब 50 हजार लोग जुट सकते हैं। रामलीला मैदान में वरिष्ठ विपक्षी नेताओं के बैठने के लिए मुख्य मंच पर विशाल तिरंगामयी शामियाना लगाया गया है। इसके अलावा गठबंधन की प्रदेश इकाइयों के प्रतिनिधियों के लिए एक अलग मंच तैयार किया गया है।
सुरक्षा के लिए 14 जोन में बंटा मैदान, EC ने खारिज किए आरोप
सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के मद्देनजर दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) के 4,000 से अधिक जवानों को तैनात किया गया है। पूरे रामलीला मैदान को 14 अलग-अलग जोन में बांटा गया है। चप्पे-चप्पे की निगरानी के लिए 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है। भीड़ को देखते हुए रविवार सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक दिल्ली के कई हिस्सों में यातायात पाबंदियां लागू की गई हैं।
इंडिया गठबंधन विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और वोट चोरी के मुद्दे पर लगातार प्रदर्शन कर रहा है। विपक्षी दलों का आरोप है कि चुनाव आयोग की इन प्रक्रियाओं के कारण मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। दूसरी तरफ, निर्वाचन आयोग विपक्ष के इन सभी आरोपों को लगातार खारिज करता रहा है।

