‘धांधली होती तो सपा का खाता नहीं खुलता’, केशव मौर्य का पलटवार

keshav prasad
शालिनी तिवारी
शालिनी तिवारी

उत्तर प्रदेश विधान परिषद (MLC) की 11 सीटों पर मतगणना और चुनाव परिणामों के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इन चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और समाजवादी पार्टी (SP) के प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिला है। चुनाव के रुझानों और सपा के धांधली के आरोपों पर राज्य के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अगर चुनाव में किसी भी तरह की धांधली होती, तो समाजवादी पार्टी का खाता भी नहीं खुल पाता।

सपा की जीत की करेंगे समीक्षा

समाचार एजेंसी ANI से बातचीत के दौरान बीजेपी के प्रदर्शन पर पूछे गए सवाल के जवाब में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि एमएलसी चुनाव में बहुत योग्य और शिक्षित मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करते हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने अपना पिछला प्रदर्शन दोहराया है। पार्टी इन चुनावों में और अधिक सीटें जीतने की उम्मीद कर रही थी, लेकिन उस अनुरूप सफलता नहीं मिल पाई।

मौर्य ने सपा की जीत पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी इस बात पर विचार और समीक्षा करेगी कि जिन सीटों पर समाजवादी पार्टी का खाता नहीं खुलना चाहिए था, वहां उन्हें जीत कैसे मिल गई। उन्होंने कहा कि भविष्य के चुनावों में बीजेपी दोबारा जीत दर्ज करे, इसके लिए जरूरी कोशिशें की जाएंगी।

जनादेश का सम्मान, 2027 का दावा

समाजवादी पार्टी द्वारा चुनाव में गड़बड़ी के लगाए जा रहे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए मौर्य ने कहा कि हम जनता के जनादेश का पूरी तरह सम्मान करते हैं। धांधली का आरोप बेबुनियाद है। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव में भी बीजेपी मजबूती के साथ वापसी करेगी और ‘कमल खिलेगा’।

अब तक घोषित परिणाम: किसने मारी बाजी?

राज्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा 28 अक्टूबर (बुधवार) को दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, अब तक घोषित परिणामों में बीजेपी और सपा ने इन सीटों पर जीत दर्ज की है:

  • मेरठ स्नातक क्षेत्र: दिनेश कुमार गोयल (BJP)

  • लखनऊ शिक्षक क्षेत्र: उमेश द्विवेदी (BJP)

  • मेरठ शिक्षक क्षेत्र: श्री चंद शर्मा (BJP)

  • बरेली-मुरादाबाद शिक्षक क्षेत्र: डॉ. हरि सिंह ढिल्लो (BJP)

  • वाराणसी शिक्षक क्षेत्र: लाल बिहारी यादव (SP)

  • आगरा शिक्षक क्षेत्र: डॉ. आकाश अग्रवाल (SP)

इसके अलावा, गोरखपुर-फैजाबाद क्षेत्र में बीजेपी कड़ी मशक्कत के बाद आगे चल रही है, जबकि वाराणसी की दूसरी सीट पर सपा के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने बढ़त बनाई हुई है।