वाराणसी MLC नतीजे के बाद संजय सिंह का कटाक्ष, ‘कौन सा काला जादू है?’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में हुए विधान परिषद (MLC) चुनाव में समाजवादी पार्टी ने जीत हासिल की है। शिक्षक निर्वाचन सीट पर सपा उम्मीदवार लाल बिहारी यादव ने भाजपा के डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा को हरा दिया है। इस चुनावी नतीजे के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने बैलेट पेपर और ईवीएम (EVM) से होने वाले चुनावों की तुलना करते हुए पीएम मोदी पर तंज कसा है।
‘EVM का कौन सा काला जादू है’
संजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए चुनाव की मतदान प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने अपने बयान में लिखा, “ऐसा कौन सा ‘काला जादू’ है कि EVM से मोदी जी लोकप्रिय हो जाते हैं? बैलट पेपर से मोदी जी ‘अलोकप्रिय’ हो जाते हैं। वाराणसी में MLC का चुनाव बैलट से हुआ, मोदी जी अलोकप्रिय हो गए।” संजय सिंह का यह बयान सीधे तौर पर वाराणसी के नतीजों और चुनाव में इस्तेमाल होने वाली वोटिंग प्रक्रिया से जुड़ा है।
4,898 वोटों के अंतर से सपा की जीत
वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सपा के निवर्तमान एमएलसी लाल बिहारी यादव ने अपनी सीट बरकरार रखी है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस चुनाव में लाल बिहारी यादव को कुल 10,958 वोट मिले। वहीं, भाजपा उम्मीदवार डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा 6,060 वोट ही हासिल कर सके। इस प्रकार सपा प्रत्याशी ने 4,898 वोटों के अंतर से यह सीट अपने नाम कर ली।
मतदान के आंकड़ों पर गौर करें तो लाल बिहारी यादव को पहले चरण में 6,941 और दूसरे चरण में 4,017 वोट मिले। दूसरी तरफ, भाजपा प्रत्याशी को पहले और दूसरे चरण में क्रमशः 3,005 और 3,055 वोट प्राप्त हुए।
स्नातक सीट पर भी भाजपा पीछे
शिक्षक सीट पर मिली हार के साथ-साथ वाराणसी की स्नातक सीट के रुझान भी भाजपा के लिए निराशाजनक रहे हैं। जानकारी के अनुसार, स्नातक सीट पर भी भाजपा उम्मीदवार समाजवादी पार्टी से पीछे चल रहे हैं।
पिछले एमएलसी चुनाव में भी समाजवादी पार्टी ने वाराणसी की इन दोनों (शिक्षक और स्नातक) सीटों पर जीत दर्ज की थी। इसी को देखते हुए सपा ने इस बार भी अपने मौजूदा उम्मीदवारों को ही चुनाव मैदान में उतारा था। फिलहाल शिक्षक सीट के नतीजे घोषित हो चुके हैं, जबकि स्नातक सीट पर अंतिम नतीजों की आधिकारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा है।

