1993 में क्या हुआ था? पूर्व मिस स्विट्जरलैंड ने ट्रंप पर लगाए गंभीर आरोप
President Trump

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर एक बड़े विवाद में घिर गए हैं। डेमोक्रेटिक पार्टी (Democratic Party) द्वारा जारी की गई एक नई रिपोर्ट में ट्रंप पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पूर्व मिस स्विट्जरलैंड और मॉडल बीट्रिस केउल (Beatrice Keul) ने दावा किया है कि ट्रंप ने उनके साथ रेप किया था। केउल के अनुसार, नवंबर 1993 की जिस घटना को उन्होंने पहले केवल बदसलूकी और छेड़छाड़ बताया था, असल में उस दौरान ट्रंप ने उनका रेप किया था।
डेमोक्रेट्स की 53 पन्नों की रिपोर्ट में क्या है?
अमेरिकी हाउस ज्यूडिशियरी कमेटी के डेमोक्रेट्स ने 53 पन्नों की एक विस्तृत रिपोर्ट जारी की है, जिसमें ट्रंप और कुख्यात यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन (Jeffrey Epstein) के कथित संबंधों का ब्योरा दिया गया है। रिपोर्ट में केउल के इंटरव्यू का हवाला देते हुए बताया गया है कि 24 साल की उम्र में उनकी मुलाकात ट्रंप से न्यूयॉर्क के प्लाजा होटल में हुई थी। आरोप है कि ट्रंप ने उन्हें “तुम्हारा ध्यान रखूंगा” कहते हुए वीजा और न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी में एडमिशन दिलाने का वादा किया था। इसके तुरंत बाद एपस्टीन ने उनसे संपर्क किया और उन्हें मार-ए-लागो की एक पार्टी में आमंत्रित किया था।
अटलांटिक सिटी के होटल में हुई थी क्रूर घटना
रिपोर्ट के मुताबिक, बाद में ट्रंप के एक प्रतिनिधि ने केउल को अटलांटिक सिटी स्थित ट्रंप प्लाजा होटल के एक कमरे में मिलने के लिए बुलाया। केउल का आरोप है कि कमरे में प्रवेश करते ही ट्रंप ने उन्हें पकड़ लिया और उनका रेप किया। इस दौरान उनके कपड़े फट गए और शरीर पर कई खरोंचें आईं। केउल ने अपने इंटरव्यू में इस घटना को बेहद क्रूर बताया है।
डेमोक्रेट्स ने न्याय विभाग पर लगाए गंभीर आरोप
डेमोक्रेट सांसद जेमी रस्किन ने अमेरिकी न्याय विभाग (DOJ) और एफबीआई (FBI) पर इंसाफ दिलाने के बजाय ट्रंप के अपराधों को छिपाने और उन्हें बचाने का आरोप लगाया है। डेमोक्रेट्स का कहना है कि कम से कम पांच महिलाओं ने सीधे तौर पर ट्रंप पर एपस्टीन की मौजूदगी में रेप के आरोप लगाए हैं। इसे लेकर डेमोक्रेट्स ने निष्पक्ष जांच के लिए एक स्पेशल जांच अधिकारी नियुक्त करने की मांग की है।
व्हाइट हाउस ने किया दावों का सिरे से खंडन दूसरी ओर, व्हाइट हाउस ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। व्हाइट हाउस के प्रवक्ता ने इसे रिपब्लिकन पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता और राष्ट्रपति ट्रंप की ऐतिहासिक उपलब्धियों से अमेरिकी जनता का ध्यान भटकाने की एक राजनीतिक साजिश करार दिया है। वहीं, ट्रंप भी लगातार यह कहते रहे हैं कि उन्होंने एपस्टीन के किसी भी गैर-कानूनी काम में फंसने से बहुत पहले ही उससे अपनी दोस्ती खत्म कर ली थी।

