यूपी: मंत्री नंद गोपाल नंदी के कंप्यूटर से डेटा चोरी, 2 पूर्व कर्मचारियों पर FIR

उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता (नंदी) के डिजिटल डेटा और महत्वपूर्ण दस्तावेजों की चोरी का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर प्रयागराज के कोतवाली थाने में मंत्री के दो पूर्व कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है।
मीडिया सलाहकार ने दर्ज कराई शिकायत
पुलिस के मुताबिक, यह शिकायत मंत्री के मीडिया सलाहकार दिव्यांशु शेखर सिंह की तरफ से दी गई है। एफआईआर में कानपुर निवासी गौरव मिश्रा और प्रयागराज निवासी दुर्गेश कुमार सिंह को नामजद किया गया है।
सोशल मीडिया टीम का हिस्सा था आरोपी
आरोपों के अनुसार, गौरव मिश्रा मंत्री की सोशल मीडिया टीम में वीडियो एडिटर और ग्राफिक्स डिजाइनर के तौर पर काम करता था। इस पद पर होने की वजह से उसके पास मंत्री के डिजिटल डेटा, तस्वीरों, हार्ड डिस्क और यूट्यूब अकाउंट की सीधी पहुंच थी।
सुनियोजित तरीके से चोरी और लेटर पैड की कूटरचना
दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि गौरव ने टीम से पहले ही निकाले जा चुके दुर्गेश सिंह के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया। दोनों पर डिजिटल संसाधनों का दुरुपयोग कर कंप्यूटर से महत्वपूर्ण डेटा और दस्तावेज अपने कब्जे में लेने का आरोप है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि दोनों आरोपियों ने मंत्री के सरकारी लेटर पैड की भी कथित तौर पर कूटरचना की है।
लेटर पैड में फर्जीवाड़े के आरोप के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

