आजमगढ़ में MLC चुनाव के बीच पकड़े गए चार और कार से क्या-क्या मिला?

gkp
अजमल शाह
अजमल शाह

 उत्तर प्रदेश में गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद (MLC) द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के लिए मतदान जारी है। इस दौरान चुनाव को प्रभावित करने और आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का एक बड़ा मामला सामने आया है। सिधारी थाना क्षेत्र में चुनाव आयोग की फ्लाइंग स्क्वाड टीम (Flying Squad Team) ने चेकिंग के दौरान चार लोगों को हिरासत में लिया है। इनके पास से 2 लाख 41 हजार 500 रुपये नकद, भारी मात्रा में चुनाव प्रचार सामग्री और मतदाता सूचियां बरामद हुई हैं।

कार से मिले चुनाव सामग्री वाले झोले

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, गुरुवार (22 अक्टूबर) को सदर उपजिलाधिकारी (SDM) अविनाश गौतम के नेतृत्व में गठित फ्लाइंग स्क्वाड टीम दौलतपुर पुलिया के पास वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी बीच, टीम ने एक सफेद रंग की किआ सेल्टोस (Kia Seltos) कार को रोका। जब कार की तलाशी ली गई, तो बीच वाली सीट पर पांच सफेद रंग के झोले रखे हुए मिले। इन झोलों पर ‘गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र’ और एक प्रबंधक का नाम छपा हुआ था। झोलों के अंदर से वोटर स्लिप, मतदाता सूचियां और अन्य चुनावी दस्तावेज भी मिले हैं।

वोटरों को पैसे बांटने का आरोप, एफआईआर दर्ज

संदेह होने पर पुलिस टीम कार सवार चारों लोगों को पूछताछ के लिए सिधारी थाने ले आई। पुलिस के अनुसार, शुरुआती पूछताछ और बरामद दस्तावेजों से यह बात स्पष्ट हुई कि यह पैसा मतदाताओं को प्रलोभन देने और चुनाव को अनैतिक रूप से प्रभावित करने के लिए ले जाया जा रहा था।

पैसे बांटने की मंशा प्रमाणित होने के बाद पुलिस ने आरोपी सुभाष सिंह, राजेश पांडे, शिवमोहन सिंह और शिव गोविंद सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा (FIR) दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से बरामद 2,41,500 रुपये कैश और चार मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं। फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।